पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद के नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर राजद की सरकार बनती है तो बिहार के हर घर में एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उनकी तरफ से कहा गया कि यह सिर्फ जुमलेबाजी नहीं है बिहार की जनता से किया वादा है।
तेजस्वी यादव का वादा
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “चुनाव प्रचार शुरू हो गया है और हमने पहले भी कहा है कि सरकार हमारी घोषणाओं की नकल कर रही है। 20 साल पुरानी जर्जर सरकार को पता ही नहीं था कि बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। हमने 17 महीने में लोगों को नौकरी दी। आज वे बेरोजगारी भत्ते की बात कर रहे हैं। अब सामाजिक न्याय के बाद आर्थिक न्याय मिलेगा और रोजगार पैदा होंगे।”
नौकरी का संकल्प
तेजस्वी ने कहा कि बिहार में नौकरी का नवजागरण होगा। जिन परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है, ऐसे हर परिवार के लिए वो एक अधिनियम बनाएंगे। 20 महीने के अंदर बिहार में कोई ऐसा घर नहीं बचेगा, जिस घर में सरकारी नौकरी नहीं रहेगी। 20 साल से नीतीश सरकार ने हर घर को खौफ दिया है लेकिन हम सबको नौकरी देंगे।
ये भी पढ़ें-‘तेजस्वी तुमसे बैर नहीं, सुदय तुम्हारी खैर नहीं’
दो चरणों में वोटिंग
आपको बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी, जिसमें 121 सीट पर मत डाले जायेंगे। दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी, जिसमें 122 सीट पर मत डाले जायेंगे। वोटों की गणना 14 नवंबर को होगी। राज्य के 7.43 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार 14 लाख नए वोटर जुड़े हैं।



