पटना: वैश्य समाज सम्मेलन में बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि 2025 में अगर हमारी सरकार बनती है तो वैश्य समाज की जान-माल की सुरक्षा की जिम्मेवारी हमारी होगी। वहीं, वैश्य समाज के लोगों को सत्ता में भागीदारी भी देंगे। दोनों वादों पर अडिग रहने की भी बात उन्होंने की।
तेजस्वी यादव ने कहा की अगर आप लोग मेरे लिए एक कदम आगे बढ़ाते हैं तो हम आपके लिए चार कदम आगे बढ़ाएंगे। इस दौरान सरकार में रहने के दौरान वैश्य समाज को दिये गये प्रतिनिधित्व और योगदान का भी जिक्र तेजस्वी यादव ने किया।
सम्मेलन के बहाने 2025 की तैयारी
तेजस्वी यादव के सम्मेलन में शामिल होने के पीछे बिहार का चुनावी साल है। तेजस्वी आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कोई कसर नहीं छोड़ने वाले हैं। ऐसे में वैश्य समाज, जिसे भाजपा का वोट बैंक कहा जाता है, में सेंधमारी करने की उनकी कोशिश है। इसी के मद्देनजर उन्होंने सम्मेलन में शिरकत की और वादों की झड़ी लगाई।
वैश्य समाज आयोग बनाने की है मांग
पटना के बापू सभागार में यह आयोजन बिहार सरकार में पूर्व मंत्री सह राष्ट्रीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर कुमार महासेठ की अध्यक्षता में किया गया। वैश्य समाज विगत कई वर्षो से वैश्य समाज आयोग बनाने का मांग कर रहा है, जिस पर नीतीश सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाया है।

