अयोध्या ।राम मंदिर चंदा (चढ़ावा) विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पहले भी होता था, लेकिन उस समय ऐसे मामलों को दबा दिया जाता था और भ्रष्ट लोगों को संरक्षण मिलता था। वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार के मामलों का खुलासा हो रहा है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
संजय निषाद ने की अपील
संजय निषाद ने लोगों से जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि बिना सबूत किसी को आरोपी नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि जांच एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ती है और फाइल बंद होने तक सभी तथ्यों की जांच की जाती है।
मंत्री का यह बयान कपिल सिब्बल की सोशल मीडिया टिप्पणी के बाद आया है। सिब्बल ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पर निशाना साधा था। वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े मामले पर राजनीति करना उचित नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। संघ ने SIT से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।



