नई दिल्ली। राजधानी में रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग के खिलाफ उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू की सख्ती के बाद राजधानी में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक प्रवर्तन व्यवस्था की समीक्षा की, जिसमें रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई का ब्यौरा पेश किया गया।
काटे जाएंगे चलान
समीक्षा बैठक में बताया गया कि 25 जून 2026 तक रॉन्ग साइड ड्राइविंग के मामलों में 3,42,381 चालान काटे गए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 1,72,879 थी। यानी ऐसे मामलों में 98 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई भी तेज हुई है। इस वर्ष 10,62,350 चालान जारी किए गए, जो पिछले वर्ष के 7,78,258 चालानों की तुलना में 36.5 प्रतिशत अधिक हैं।
दिल्ली पुलिस ने 1 जनवरी से 25 जून 2026 के बीच रॉन्ग साइड ड्राइविंग के मामलों में 2,033 एफआईआर भी दर्ज की हैं। समीक्षा के दौरान उपराज्यपाल ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पूर्वी दिल्ली में सबसे ज्यादा कार्रवाई
जोनवार आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी रेंज में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई हुई। यहां चालानों में 189 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। संख्या 33,413 से बढ़कर 96,472 पहुंच गई। इसी क्षेत्र में अवैध पार्किंग के चालान भी 103 प्रतिशत बढ़कर 1,13,070 से 2,29,313 हो गए। रॉन्ग साइड ड्राइविंग के मामलों में यहां 397 एफआईआर दर्ज की गईं।
उत्तरी रेंज में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालान 128 प्रतिशत बढ़कर 11,037 से 25,251 हो गए, जबकि 410 एफआईआर दर्ज हुईं। अवैध पार्किंग के चालानों में 51.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सेंट्रल रेंज में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालान 81.5 प्रतिशत बढ़कर 1,25,441 हो गए। यहां 334 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि अवैध पार्किंग के मामलों में 98 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नई दिल्ली रेंज में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालान 105 प्रतिशत, दक्षिणी रेंज में 79 प्रतिशत और पश्चिमी रेंज में 29 प्रतिशत बढ़े। अवैध पार्किंग के मामलों में नई दिल्ली रेंज में 13 प्रतिशत, दक्षिणी रेंज में 11 प्रतिशत और पश्चिमी रेंज में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अतिक्रमण हटाने के लिए 4,900 संयुक्त अभियान
दिल्ली पुलिस ने जनवरी से जून 2026 के बीच नगर निकायों, आरडब्ल्यूए और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के साथ मिलकर 4,900 विशेष संयुक्त अभियान चलाए। इन अभियानों के दौरान सड़क और फुटपाथ खाली कराने के लिए 3.9 लाख से अधिक अनुचित पार्किंग के चालान जारी किए गए। समीक्षा के दौरान उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन पर जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियान लगातार और प्रभावी तरीके से जारी रखा जाए।



