वैशाली: वैशाली जिले के पातेपुर विधानसभा क्षेत्र में दो दिन पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार रैली हुई थी। इस रैली में स्थानीय भाजपा विधायक लखिन्दर कुमार रोशन को गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पातेपुर थाने में भाजपा नेता जय प्रकाश पासवान ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जय प्रकाश पासवान ने अपनी शिकायत में कहा था 20 सितंबर को शाम 7 बजे सोशल मिडिया पर देखा कि बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के बहुआरा चौक से बरडीहा चौक पर रोड शो के दौरान पातेपुर के विधायक लखेन्द्र कुमार रोशन को अनिकेत सुमार एवं अन्य राजद कार्यकर्ता के द्वारा गाली दिया जा रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया था, जिसको लेकर पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान एक आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरडीहा निवासी मनोज कुमार उर्फ मुन्ना राय के रूप में हुई है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस प्रकरण में एक नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वीडियो और आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की धर पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।



