नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि नालंदा कभी शिक्षा का केंद्र हुआ करता था, जहां पूरी दुनिया के विद्यार्थी ज्ञान प्राप्त करने आते थे। जब महागठबंधन की सरकार बनेगी, तब हम एक बार फिर वही पुराना नालंदा बनाएंगे, जो पूरे विश्व में शिक्षा और रोजगार का प्रतीक बनेगा।’
LIVE: Public Meeting | Nalanda, Bihar https://t.co/EsawdFcL2S
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 30, 2025
नीतीश खुद कुछ नहीं करते
राहुल गांधी ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार खुद कोई फैसला नहीं ले रहे हैं। वो रिमोट से चल रहे हैं। बीजेपी वाले उन्हें चला रहे हैं। नीतीश को दिल्ली सेकंट्रोल किया जा रहा है। उनके आसपास भी अपने लोग रखे जा रहे हैं।
नालंदा फिर ज्ञान और रोजगार का केंद्र बनेगा
राहुल गांधी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद नालंदा को शिक्षा और रोजगार का हब बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि मेड इन नालंदा, मेड इन बिहार के प्रोडक्ट पूरी दुनिया में पहुंचे। हम चाहते हैं कि चीन का युवा बिहार का मोबाइल फोन और टी-शर्ट खरीदे। जिस दिन इंडिया गठबंधन की सरकार दिल्ली में बनेगी, उस दिन मैं गारंटी के साथ कहता हूं कि नालंदा फिर से दुनिया की सबसे बेहतर यूनिवर्सिटी बनेगा।
मोदी पर बोला तीखा हमला
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने नरेंद्र मोदी का 50 बार अपमान किया, लेकिन मोदी जी डरपोक हैं, उनमें कोई विजन नहीं है। वह अमेरिका के राष्ट्रपति के सामने खड़े भी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार वोट चोरी करके संविधान को खत्म करने में लगी है। अगर वोट चोरी नहीं हुई होती, तो आज इंडिया गठबंधन की सरकार देश चला रही होती।
यह भी पढ़ेंः HAM प्रत्याशी पर पथराव, हाथ टूटा; RJD पर हमला कराने का आरोप
हर जात, हर धर्म की सरकार बनाएंगे
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार को ऐसी सरकार की जरूरत है जो सबकी हो, महागठबंधन की सरकार हर जात, हर धर्म, हर वर्ग की सरकार होगी। इसमें अति पिछड़ा, पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, गरीब — सभी की आवाज शामिल होगी। यह सरकार बिहार को फिर से खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता समझदार है, बस उनकी आवाज सुनने वाली सरकार नहीं है। जब गठबंधन की सरकार बनेगी, तब बिहार की सरकार बिहार के लिए काम करेगी।



