पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंच रहे हैं। पटना एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री मोदी का काफिला रोड शो की शक्ल में होगा। इसमें ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी की गूंज सुनी जा सकेगी। जिला प्रशासन से लेकर भाजपा बिहार प्रदेश इकाई तक अपने स्तर पर रोड शो की तैयारी में जुट गए हैं।
बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि 29 मई को प्रधानमंत्री पटना पहुंचेंगे और पटना एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री बिहटा एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करेंगे। 30 मई को पीएम का बिक्रमगंज का दौरा है। पटना और बिहटा एयरपोर्ट के बाद बिक्रमगंज में 50 हजार करोड़ से अधिक का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
बताया जा रहा है कि पटना एयरपोर्ट से बेली रोड और इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए पीएम मोदी बीजेपी दफ्तर पहुंचेंगे। पीएम का काफिला रोड शो की शक्ल में होगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता पूरे रास्ते सड़कों पर पीएम का स्वागत करेंगे।
पीएम मोदी का ऐलान
आपको बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम ने मधुबनी के झंझारपुर में सभा की थी। इस बैठक में पीएम मोदी ने कहा था कि हम आतंकियों को कल्पना से परे सबक सिखाएंगे। ऑपरेशन सिंदूर के तहत 22 मिनट में सिंदूर उजाड़ने का बदला ले लिया गया और नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया था।
बिहार चुनाव के मद्देनजर दौरा अहम
राजनीतिक पंडित पीएम मोदी के दौरे का बिहार चुनाव के मद्देनजर अहम मान रहे हैं। इसमें एक तरफ विकास से जुड़ी योजनाओं की बिहार को सौगात मिलेगी। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र भी होगा। राजस्थान के बृहस्पतिवार के कार्यक्रम में भी पीएम ने इस पर विस्तार से बात की थी। वहीं, शुक्रवार भारत मंडपम में भी पीएम आतंकियों को आगाह करने से नहीं चूके। मतलब यह कि पीएम एक तीर से दो निशाना साधने की कोशिश बिहार की भूमि से करेंगे।



