नई दिल्ली: अगर आप अपने किसी रिश्तेदार, दोस्त या जानकार को दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर छोड़ने या वहां से रिसीव करने प्लेटफॉर्म तक जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। दिल्ली के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। रेलवे ने यह फैसला स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लिया है। यह रोक 11 नवंबर 2025 तक लागू रहेगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), आनंद विहार टर्मिनल, आनंद विहार हाल्ट स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट नहीं मिलेंगे।
कम होगी भीड़
उत्तर रेलवे ने विज्ञप्ति जारी कर उक्त बातों की जानकारी दी है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। रेलवे ने इस भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया है। प्लेटफ़ॉर्म टिकटों की बिक्री बंद करने से स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ कम होगी और यात्रियों के लिए स्टेशन आना-जाना आसान हो जाएगा। रेलवे पहले भी ऐसे कदम उठा चुका है।
ये भी पढ़ें-मालदीव का क्रांतिकारी फैसला: नई पीढ़ी को सिगरेट से रखा जाएगा दूर
इन लोगों की मिली छूट
कुछ लोगों को इस नियम से छूट दी गई है। जो लोग स्टेशन पर बुजुर्गों, दिव्यांगों, अशिक्षित लोगों या महिलाओं की मदद के लिए आते हैं, वे बिना प्लेटफ़ॉर्म टिकट के स्टेशन में प्रवेश कर सकते हैं। ये वे लोग हैं जिन्हें स्टेशन पर खुद घूमने में दिक्कत हो सकती है। रेलवे ने ऐसे लोगों की सुविधा का ध्यान रखा है।



