पटना: बिहार को एक और नए एयरपोर्ट की सौगात मिली है। मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट के निर्माण के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने टेंडर जारी कर दिया है। इसको लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधर ने कहा कि मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट का निर्माण जल्द शुरू होगा और इसके लिए ठेका जारी कर दिया गया है.।यह एयरपोर्ट प्री-फैब स्टील स्ट्रक्चर से तैयार होगा जिससे तिरहुत के लोगों का उड़ान का सपना पूरा होगा।
हवाई अड्डे को कोड-2B श्रेणी के विमानों के योग्य बनाया जाएगा
सम्राट चौधरी ने बताया कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन की एक महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के तहत मौजूदा हवाई अड्डे को कोड-2B श्रेणी के विमानों के संचालन योग्य बनाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्री-फैब स्टील संरचना आधारित टर्मिनल भवन, प्री-इंजीनियर्ड एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर, प्री-इंजीनियर्ड अग्निशमन केंद्र तथा अन्य सहायक भवन और सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
परियोजना की लागत 28.58 करोड़ रुपये तय की गई है
यह संपूर्ण कार्य इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड पर संपन्न किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 28.58 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य की अवधि 11 माह तय की गई है, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने इस परियोजना के लिए ऑनलाइन ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुज़फ्फरपुर हवाई अड्डे का उन्नयन उत्तर बिहार में हवाई सेवा का विस्तार है
चौधरी ने कहा, मुजफ्फरपुर हवाई अड्डे का उन्नयन उत्तर बिहार में हवाई सेवा का विस्तार है। इससे क्षेत्रीय संपर्क, निवेश और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही उत्तर बिहार के लोगों को आधुनिक और बेहतर हवाई सेवा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह कदम बिहार को विमानन क्षेत्र में नई ऊंचाई प्रदान करेगा और राज्य के आर्थिक तथा सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डबल इंजन सरकार हवाई सेवा को विश्वस्तरीय बनाने पर कर काम
उपमुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र की मोदी और प्रदेश में नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार, बिहार में हवाई सेवा को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। हाल में ही पटना के लोक नायक जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट का जहां कायाकल्प हुआ है, वहीं गया एयरपोर्ट को भी अपग्रेड किया गया है। सूबे में उड़ान योजना के तहत दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए हवाई सेवा का लाभ बिहार के लोगों को मिल रहा है। अब इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का विकास इसे नई उंचाई पर पहुंचाएगा।



