समस्तीपुर: समस्तीपुर पुलिस और एसटीएफ ने नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र से सात मई की पांच करोड़ की लूटपाट की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में मां-बेटी समेत पांच को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि इसी मामले में पहले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। आरोपियों के पास से 447 ग्राम आभूषण, चार मोबाइल फोन, बैंक से संबंधित कागजात, एक पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिसिया कार्रवाई ने पेशेवर अपराधियों के गिरोह का भांडाफोड़ होने के साथ राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की संलिप्तता भी उजागर हुई है। आरोपी नेता का नाम रमेश झा है। यह एक राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष है। पहले समस्तीपुर लोकसभा से निर्दलीय चुनाव भी लड़ा है। वहीं, समस्तीपुर कोर्ट के एक वकील के सहयोगी दीपक कुमार मुंशी को भी गिरफ्तार किया गया है। लूटकांड की योजना रमेश झा और दीपक कुमार उर्फ मुंशी ने मिलकर रची थी।
सदर एसडीपीओ और एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि लूट कांड की जांच के लिए एसटीएफ और जिला पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में काशीपुर से दीपक कुमार की गिरफ्तारी की गई। पहले भी वह कई मामलों में आरोपित रह चुका है। पूछताछ में उसने बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और लूटे गए गहनों में से कुछ की बरामदगी भी हुई है।
एएसपी संजय कुमार पांडेय के मुताबिक, जांच के दौरान यह भी पता चला कि दीपक का एक साथी अखिलेश कुमार उर्फ गोलू, जो फरार है, उसके ससुराल से भी लूटे गए आभूषण बरामद हुए हैं। दीपक समस्तीपुर कोर्ट में एक वकील के यहां काम करता था और वहीं उसकी मुलाकात रमेश झा से हुई थी। रमेश झा ‘युवा क्रांतिकारी मोर्चा’ नामक राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष है। एएसपी ने बताया कि बैंक में लोन के लिए नकली सोना जमा कर धोखाधड़ी की थी। बैंक से 23 लाख रुपए का लोन लेने के बाद बैंक के दबाव के कारण ही उसने बैंक लूट की योजना बनाई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों दिल्ली और नेपाल की यात्रा पर निकल गए थे।

