नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम के 12 वॉर्डों में होने वाले उप-चुनावों के लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। हालांकि, उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया 3 नवंबर से ही शुरू हो गई थी, लेकिन अभी तक सिर्फ आम आदमी पार्टी ने ही अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। कांग्रेस और भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है। दस नवंबर को नामांकन का आखिरी दिन है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि रविवार देर रात तक दोनों ही पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों का खुलासा कर देंगी। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग का काम पूरा हो चुका है।
Announcement 🚨
— AAP (@AamAadmiParty) November 9, 2025
Aam Aadmi Party is pleased to announce the list of candidates for Delhi’s MCD by-elections. pic.twitter.com/PSjrU3THdq
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को बताया कि दक्षिणपुरी से राम स्वरूप कन्नैजिया, संगम विहार-ए से अनुज शर्मा, ग्रेटर कैलाश से ईशना गुप्ता, विनोद नगर से गीता रावत, शालीमार बाग बी से बबिता अहलावत, अशोक विहार से सीमा विकास गोयल, चांदनी चौक् से हर्ष शर्मा, चांदनी महल से मुद्दसिर उस्मान क़ुरैशी, द्वारका बी से राजबाला सहरावत, मुंडका से अनिल लाकड़ा, नारायणा से राजन अरोड़ा, दिचाऊँ कलां से केशव चौहान के नाम शामिल है।
ग्रामीण इलाकों पर फोकस
आम आदमी पार्टी चांदनी चौक, चांदनी महल और दक्षिणपुरी वॉर्ड पर अपना कब्जा बरकरार रखने के अलावा दूसरे वॉर्डों में सेंध लगाने की पुरजोर कोशिश करेगी। इन सबके बीच कांग्रेस का भी प्रयास रहेगा कि वह एमसीडी में अपनी सीटों में इजाफा कर सके। खासकर मुस्लिम और एससी मतदाता बहुल वॉर्डों और ग्रामीण इलाकों पर उसका खास फोकस है।
बीजेपी के लिए सबसे बड़ी चुनौती
ये उप-चुनाव बीजेपी के लिए ज्यादा बड़ी चुनौती लेकर आए हैं, क्योंकि शालीमार बाग वॉर्ड की पार्षद रहीं रेखा गुप्ता अब जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री बन चुकी हैं, वहीं द्वारका की पार्षद और पार्टी की प्रदेश महामंत्री कमलजीत सहरावत भी पश्चिमी दिल्ली की सांसद चुनी गई हैं।



