यूपी की बालवाटिकाओं में खेल-खेल में होगी पढ़ाई, पहुंचेगी संपूर्ण शैक्षणिक सामग्री

उत्तर प्रदेश की बालवाटिकाओं में खेल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने संपूर्ण शैक्षणिक सामग्री, डिजिटल ट्रैकिंग और ECCE मॉडल लागू किया है।

Share This Article:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुनियादी शिक्षा की नींव को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने बालवाटिका व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। आधारभूत संरचना के विकास और ईसीसीई यानी प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल शिक्षकों की तैनाती के बाद, अब सरकार का पूरा ध्यान हर बालवाटिका तक बाल-अनुकूल और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने पर है।

इस नई पहल के तहत प्रदेश की सभी बालवाटिकाओं में एजुकेटर गाइड, बाल वर्कबुक, बिग बुक्स और समग्र प्रगति कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि नौनिहालों की सीखने की यात्रा तनावमुक्त, रोचक और आनंददायी हो सके।

तकनीक से होगी निगरानी

सामग्री के वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार तकनीक का सहारा ले रही है। जिला, ब्लॉक और बालवाटिका स्तर तक सामग्री की रियल टाइम निगरानी के लिए क्यूआर कोड आधारित ट्रैकिंग और ‘किताब वितरण ऐप’का उपयोग किया जा रहा है। इससे यह सुनिश्चित हो सकेगा कि शैक्षणिक पैकेज बिना किसी देरी के सीधे लक्षित केंद्रों तक पहुंचे।

तनावमुक्त और अनुभव आधारित शिक्षा पर फोकस

योगी सरकार के अनुसार, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा का उद्देश्य बच्चों पर पढ़ाई का बोझ डालना नहीं, बल्कि उन्हें विद्यालयी जीवन के लिए मानसिक रूप से तैयार करना है। इसी सोच के तहत तैयार की गई नई सामग्री बच्चों को कहानियों, चित्रों, संवाद, रंगों, रचनात्मक अभिव्यक्ति और खेल-आधारित गतिविधियों से जोड़ेगी।

इन 5 प्रमुख विकासात्मक क्षेत्रों पर केंद्रित है नई सामग्री

शारीरिक विकास-बच्चों की गामक क्षमताओं को बढ़ाना।
संज्ञानात्मक विकास-सोचने और समझने की शक्ति को बढ़ावा देना।
भाषा विकास:संवाद, कहानी-कथन और शब्दावली को मजबूत करना।
सामाजिक-भावनात्मक विकास- आपसी सहभागिता और भावनाओं को समझना।
रचनात्मक व सौंदर्यबोध विकास-कल्पनाशीलता, रंग भरना और कलात्मक अभिव्यक्ति।

एनसीईआरटी और एनएफसी-एफएस के मानकों पर आधारित

इस संपूर्ण शैक्षणिक पैकेज को एनसीईआरटी के मानकों, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल अवधारणा के अनुरूप तैयार किया गया है। सामग्री को अंतिम रूप देते समय बच्चों की उम्र, भाषा की सुगमता, चित्रों के आकर्षण, फॉन्ट के आकार और गतिविधियों की प्रकृति का विशेष ध्यान रखा गया है।

निपुण भारत मिशन को मिलेगा मजबूत आधार

प्रशिक्षित ईसीसीई शिक्षकों, बाल-अनुकूल सामग्री और तकनीक-आधारित निगरानी के माध्यम से सरकार बच्चों के लिए स्कूल के पहले अनुभव को समावेशी और अर्थपूर्ण बना रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार का यह कदम न केवल स्कूल रेडीनेस को बढ़ावा देगा, बल्कि निपुण भारत मिशनके तहत आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान के लक्ष्यों को हासिल करने में मील का पत्थर साबित होगा।

हर बालवाटिका को मिलेगा संपूर्ण शैक्षणिक पैकेज

योगी सरकार द्वारा बालवाटिकाओं के लिए एक समग्र शैक्षणिक पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें बाल वाटिका एजुकेटर गाइड, बच्चों की वर्कबुक, बिग बुक्स और समग्र प्रगति कार्ड शामिल हैं। यह सामग्री शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण में सहायता प्रदान करेगी, वहीं बच्चों को भाषा, संज्ञानात्मक विकास और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर देगी। सामग्री की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड आधारित ट्रैकिंग और ‘किताब वितरण ऐप’ का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जिला, ब्लॉक और बालवाटिका स्तर तक निगरानी संभव हो सकेगी।

Shivangi Shukla

Shivangi.shukla95512@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.