नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन था। इसी बीच नॉमिनेशन से पहले दानापुर से जन सुराज के कैंडिडेट अखिलेश कुमार अचानक से गायब हो गए हैं। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाए हैं कि उन्हें किडनैप कर लिया गया है।
पूजा के बाद हुए गायब
जानकारी के मुताबिक अखिलेश सुबह में घर से नामांकन के लिए निकले थे। मंदिर में पूजा की और उसके बाद से गायब हैं। उनके समर्थक दानापुर के तकियापर स्थित एक कम्युनिटी हॉल में उनका इन्तजार करते रह गए। नामांकन में जाने से पहले उनकी गाड़ी को फूलों से सजाया गया था, सब धरा ही रह गया। समर्थकों ने काफी ढूंढा लेकिन नहीं मिले। उनका फ़ोन भी बंद आ रहा है।
दूसरे को मिला टिकट
इस घटना के बाद जन सुराज ने आनन-फानन में दूसरा कैंडिडेट उतारा। भाजपा से पार्टी में गईं आशा सिन्हा को टिकट दिया गया। वो नॉमिनेशन करने पहुंचीं लेकिन डाक्यूमेंट्स में गड़बड़ी के कारण नामांकन नहीं हो पाया।
बीजेपी-राजद में टक्कर
सूत्रों के मुताबिक अखिलेश कुमार को भाजपा से एमएलसी बनाने का ऑफर मिला है। इसी वजह से वो खुद गायब हो गए हैं। दानापुर नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्रतिनिधि और वैश्य नेता राजनाथ उर्फ राजू जायसवाल ने कहा कि वे अपने निजी लाभ के लिए मैदान छोड़ चुके हैं। आपको बता दें कि अब दानापुर से जन सुराज का कोई उम्मीदवार नहीं है। भाजपा और राजद के कैंडिडेट में अब सीधी टक्कर होगी।
ये भी पढ़ें-बिहार को विकास से कोई नहीं रोक सकता, नीतीश का शक्ति प्रदर्शन
आज नामांकन का आखिरी दिन
आज नॉमिनेशन का आखिरी दिन था, तो कई बड़े सियासी दिग्गजों ने नामांकन दाखिल किए। छपरा से राजद के टिकट पर भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने नामांकन दाखिल किया। अलीनगर सीट से मैथिली ठाकुर ने पर्चा भरा। इस दौरान वो पाग पहनी नजर आईं। राघोपुर से भाजपा उम्मीदवार सतीश यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को वोटिंग होनी है।



