बेगूसराय : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 करीब है और अब त्योहारों में भी राजनीति का असर दिखने लगा है। विजयादशमी के मौके पर बिहार की राजनीति में नेताओं ने एक दूसरे पर तीखे बाण चलाए। BJP और JDU ने लालू प्रसाद यादव और राजद पर निशाना साधते हुए उन्हें असली रावण कहा, तो वहीं कांग्रेस और महागठबंधन ने पलटवार करते हुए NDA सरकार को ही ‘रावणी सरकार’ बता दिया।
गिरिराज सिंह का जेडीयू पर हमला
बेगूसराय में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और BJP सांसद गिरिराज सिंह ने एक बार फिर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “पता नहीं लालू यादव को रावण की परिभाषा मालूम है या नहीं। अगर मालूम होता तो शायद तेजस्वी यादव ऐसे सवाल नहीं पूछते। रावण कौन था? आज गरीबों का आंसू पोंछने का काम नीतीश सरकार कर रही है। ढाई करोड़ से अधिक महिलाओं को सम्मान दिया है। गरीबों को घर देने का काम भी यह सरकार कर रही है।
दशहरे के अवसर पर बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने आरजेडी प्रमुख लालू यादव पर बड़ा हमला बोला है।
— NewG (@newGindia) October 2, 2025
🔹गिरिराज सिंह ने कहा है कि "लालू यादव ही रावण थे।"#Dussehra | #BiharPolitics pic.twitter.com/EMdq64HU5K
बिहार में 2005 से पहले किसना शासन था ?
केंद्रीय मंत्री ने कहा, जनता से पूछ लीजिए कि 2005 के पहले यहां किसका शासन था? वही रावण का शासन था। लालू यादव ही रावण थे। कभी वह चरवाहा विद्यालय खोलते थे, जबकि आज नीतीश कुमार हर जिले में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खोल रहे हैं। यही असली अंतर है।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी जैसे लोगों को संघ का स्वयंसेवक बनने के लिए सात जन्म लेने होंगे। संघ हमेशा देश के लिए काम करता है, जबकि राहुल गांधी अर्बन नक्सल की तरह व्यवहार करते हैं।
जेडीयू ने सोशल मीडिया पर AI वीडियो जारी किया
JDU ने भी लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है। जेडीयू ने सोशल मीडिया पर AI वीडियो जारी किया है, जिसमें लालू प्रसाद यादव को रावण के रूप में दिखाया गया। वीडियो में दस सिर वाले रावण के हर सिर पर अलग-अलग शब्द लिखे गए हैं जैसे – अपराध, लूट, भ्रष्टाचार, छिनतई, रंगदारी, जातीय हिंसा, हत्या, अपहरण और बलात्कार। वीडियो के अंत में जनता को लालू-रावण का वध करते हुए दिखाया गया है। जेडीयू ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा “इस विजयादशमी पर बिहार की जनता बुराई का समूल नाश कर देगी। बुराई हमेशा हारती आई है, इस बार भी हार होगी। जीत बिहार की होगी, जीत बिहार की जनता की होगी।



