नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने H1B वीजा शुल्क बढ़ाकर भारतीय पेशेवरों को बड़ा झटका दिया है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से मेड इन इंडिया अपनाने की अपील की है। मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम विदेशी सामान छोड़कर स्वदेशी उत्पादों को अपनाएँ। नवरात्रि की पूर्व संध्या पर पीएम मोदी ने देश को यह संदेश दिया कि स्वदेशी अपनाना और आत्मनिर्भर बनना हर भारतीय का कर्तव्य है। उनका संदेश साफ है-विदेशी दबाव के बावजूद भारत आत्मनिर्भर बनेगा और इसके लिए हर घर में मेड इन इंडिया का प्रतीक होगा। इसी बीच सोमवार से जीएसटी की नई दरें लागू हो गई हैं। वहीं सरकार का दावा है कि सैंकड़ों जरूरी व रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम कम होने से बाजारों में उत्साह का माहौल है। प्रत्येक उपभोक्ता के चेहरे पर मुस्कान है और हर दुकानदार और व्यापारी के चेहरे पर भी प्रसन्नता नजर आ रही है।
हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” के पोस्टर लगाए
इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ सांसद प्रवीण खंडेलवाल, विधायक तिलकराम गुप्ता त्रिनगर के बड़े बाजार तोताराम बाजार में व्यापारियों, दुकानदारों और उपभोक्ताओं संग जीएसटी बचत उत्सव में भागीदारी की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में लागू किए गए नेक्स्टजेनजीएसटी (NextGenGST) सुधारों का जमीनी असर पूरी दिल्ली में देखने को मिल रहा है। इस उत्सव में सभी गणमान्य लोगा बाजार में घूमे ओर कारोबारियों व खरीदारों आदि से बात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रत्येक दुकान पर हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी के पोस्टर लगाए और आम जनता से स्वदेशी उत्पादों को अपने घर तक पहुंचाने की अपील भी की।
नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी का लाभ हर नागरिक को मिल रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी की अपील हमारी जनता के लिए है और इस उपहार से सभी लोग प्रसन्न हैं। उन्होंने बताया कि नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी का सीधा लाभ देश के हर नागरिक को मिल रहा है। गृहणियां खुश हैं, व्यापारी खुश हैं, उपभोक्ता और आम नागरिक भी संतुष्ट हैं। दिवाली से पहले बाजारों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सुधार गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति, व्यापारी और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) को नई ताकत देंगे और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और सशक्त बनाएंगे।
स्वास्थ्य व जीवन बीमा पर जीरो जीएसटी
रेखा गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य व जीवन बीमा पर जीरो जीएसटी और गाड़ियों पर 18% तक सीमित दर जैसे फैसलों से 140 करोड़ देशवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह सीधा लाभ, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी के माध्यम से देश की 140 करोड़ जनता तक पहुँचाया गया है, इस दिवाली हर परिवार के लिए एक बड़ा तोहफा साबित होगा। विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवार इस पहल से अधिकतम लाभान्वित होंगे। यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने इस नवरात्र को वास्तव में बचत उत्सव में बदल दिया है। यह केवल कर सुधार नहीं है, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इससे उपभोक्ताओं पर वित्तीय बोझ कम होगा और देश की अर्थव्यवस्था और भी सुदृढ़ बनेगी।
अश्विनी वैष्णव दिल्ली के आरके पुरम पहुंचे

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार को दिल्ली के आरके पुरम पहुंचे और सेक्टर 8 स्थित मार्केट का दौरा किया। उन्होंने नए जीएसटी सुधारों पर व्यापारियों से बातचीत की। इसके साथ ही, वैष्णव ने दुकानों पर जाकर घर-घर स्वदेशी उत्पाद खरीदने और बेचने के स्टीकर भी लगाए। इसी कड़ी में वैष्णव ने स्वदेशी अपनाते हुए अमूल की लस्सी पी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जीएसटी बचत उत्सव शुरू हो गया है और स्वदेशी अपनाने का संकल्प लेना समय की जरूरत है।
धन्यवाद यात्रा में शामिल हुए कपिल मिश्रा

भारत सरकार द्वारा जीएसटी में दी गई ऐतिहासिक छूट हेतु आभार व्यक्त करने, व्यापारियों व नागरिकों को स्वदेशी अपनाने और विकसित भारत निर्माण के संकल्प से जोड़ने के लिए भव्य धन्यवाद यात्रा का आज आयोजन किया गया। इस धन्यवाद यात्रा में दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री कपिल मिश्रा, अजय महावर ने भी भाग लिया। धन्यवाद यात्रा का उद्देश्य व्यापक जनसंपर्क स्थापित कर समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुँचाना था कि यह ऐतिहासिक निर्णय न केवल व्यापारियों और ग्राहकों को राहत देगा बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था को नए मुकाम तक ले जाएगा। कपिल मिश्रा ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में वस्तुओं पर कर घटाए गए हैं। इससे पहले हमेशा टैक्स बढ़ते ही देखे गए थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सैकड़ों वस्तुओं पर टैक्स कम कर एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। यह निर्णय न सिर्फ ऐतिहासिक है बल्कि आने वाले समय में भारत की अर्थव्यवस्था के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। कपिल ने यह भी कहा कि यह केवल कर छूट नहीं है बल्कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। हम सबको यह ठानना होगा कि हम ‘खरीदेंगे भी मेड इन इंडिया और बेचेंगे भी मेड इन इंडिया’। यही भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का मार्ग है।



