नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर करोल बाग स्थित 108 फुट श्री संकट मोचन धाम में पूजा-अर्चना कर दिल्लीवासियों की सुख-समृद्धि और नागरिकों के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना में भाग लेते हुए भक्ति भाव से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर श्री हनुमान का स्मरण किया और देश व दिल्ली की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

प्रभु हनुमान का जीवन सेवा, समर्पण, साहस और निष्ठा का प्रतीक है
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु हनुमान का जीवन सेवा, समर्पण, साहस और निष्ठा का प्रतीक है। उनके आदर्श हमें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे पावन अवसर समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान हनुमान की कृपा से दिल्ली में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने सभी नागरिकों से समाज में सद्भाव, सहयोग और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने सभी के साथ संवाद करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और एकजुटता को बढ़ावा मिलता है।



