वैशाली: बिहार में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के नामांकन की आज अंतिम तिथि है। इस दौरान तमाम राजनीतिक दल अपने अपने उम्मीदवारों को टिकट देने में लगे हुए हैं। अभी तक मुकेश साहनी की पार्टी को महागठबंधन में कितनी सीट मिली है यह आधिकारिक घोषणा नहीं हो पाया है। लेकिन महागठबंधन में तकरार देखने को मिल रहा है।
एक दूसरे के सामने
वैशाली विधानसभा में महागठबंधन के उम्मीदवार एक दूसरे के सामने खड़े हो गए हैं। यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस के सिंबल पर संजीव कुमार ने 15 नवंबर को ही नामांकन दाखिल किया, जबकि राजद के सिंबल पर अजय कुशवाहा 17 नवंबर को यानी आज अपना नामांकन करेंगे। इस स्थिति से गठबंधन के कार्यकर्ता असमंजस में हैं और लोगों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
पहले से था तनाव
दरअसल, महागठबंधन के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और राजद में तनाव था। हालांकि, दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को सिंबल प्रदान कर किसी तरह समझौता करने की कोशिश की थी, लेकिन इसके बावजूद गठबंधन में दरार स्पष्ट दिख रही है।
ये भी पढ़ें-जानिए, मोदी-योगी के साथ कौन भोजपुरी सितारे बीजेपी के स्टार प्रचारक
पीछे हटने को तैयार नहीं
कांग्रेस उम्मीदवार संजीव कुमार ने इस संबंध में बताया कि परिस्थितियां चाहे जो भी हों, चुनाव लड़ना तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी परिस्थिति में समझौता करने को तैयार नहीं हैं। यदि महागठबंधन के घटक दल राजद के उम्मीदवार अजय कुशवाहा सामने आते हैं, तो उनसे भी उनकी सीधी टक्कर होगी। दोनों घटक दल अपने सिंबल वापस लेने को तैयार नहीं हैं।
वैशाली से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट



