मुनक नहर का रखरखाव करेगी दिल्ली सरकार, एलिवेटेड रोड भी बनेगा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने हरियाणा के अफसरों के साथ की बैठक। कहा हम रखरखाव करेंगे तो दिल्ली की जनता को ज्यादा पेयजल मिलेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री से भी बात ​​करेंगी।

Share This Article:

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार मुनक नहर का रखरखाव खुद करना चाहती है। नहर को और मजबूती प्रदान की जाएगी ताकि उसके जलप्रवाह में कोई समस्या न आए। सरकार नहर के आसपास के इलाकों का बेहतर रखरखाव भी करना चाहती है, ताकि वहां धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन भी प्रभावी तरीके से हो सके। सरकार की यह भी इच्छा है कि नहर की गहराई में समानता रहे। दिल्ली सरकार की योजना में मुनक नहर के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण भी शामिल है।

इस मसले को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के साथ मुनक नहर से जुड़े हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारियों, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएएआई), पीडल्यूडी, वन विभाग व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्यमंत्री को बताया गया कि मुनक नहर बवाना से दिल्ली में प्रवेश करती है और इंद्रलोक के पास खत्म हो जाती है। इसकी लंबाई करीब 20 किलोमीटर है। मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि दिल्ली में मुनक नहर का रखरखाव व उसके आसपास की जमीन हरियाणा सरकार के सिंचाई विभाग के पास है। दिल्ली सरकार की इस नहर में कोई भूमिका नहीं है। लेकिन यह नहर दिल्ली के लिए ​काफी महत्वपूर्ण है। हैदरपुर जलशोधन संयंत्र में इसी नहर से पानी आता है। जिसकी क्षमता करीब 200 एमजीडी है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी है कि इस नहर का रखरखाव बेहतर नहीं है। दिल्ली में यह खुले रूप में बहती है और नहर व पानी की सुरक्षा को लेकर कोई प्रभावी व्यवस्था भी नहीं है। दिल्ली के अधीन क्षेत्र में यह नहर कई स्थानों पर कच्ची भी है, जिसके चलते इसका पानी प्रदूषित होता रहता है। नहर के अंदर का पाट (pitching) भी रखरखाव के अभाव में कई जगहों पर टूट गया है। यह सभी कारण नदी के प्रवाह को दूषित व बाधित करते हैं, जबकि इसका शोधित किया गया पानी दिल्ली के करीब 20 लाख लोगों की प्यास बुझाती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह नहर दिल्ली की सांस्कृतिक व धार्मिक गतिविधियों का भी प्रतिनिधित्व करती है। इस नहर में बड़े स्तर पर छठ पर्व भी आयोजित किया जाता है।

नहर पर एलिवेटेड रोड बनेगा

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के अधिकारियों से कहा कि अगर आपको इस नहर के रखरखाव में कोई समस्या आ रही है तो हमें इस नहर के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं। बजट की कोई कमी नहीं है और दिल्ली के संबंधित विभाग इसका संचालन व रखरखाव बेहतर कर पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने इस नहर के ऊपर ऐलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया है। ऐसे में अगर यह नहर दिल्ली सरकार के अधीन आ जाए तो इस पूरी योजना को जल्द व प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सकेगा। हरियाणा के अधिकारियों ने कहा कि सैद्धांतिक रूप से उन्हें कोई समस्या नहीं है।

मुनक के लिए रेखा सरकार मिलेगी नायब सरकार से

मुख्यमंत्री ने कहा वह मुनक नहर को दिल्ली सरकार के अधीन में लाने के लिए जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी बात करेंगे। उन्होंने कहा कि यह नहर दिल्ली की जीवन रेखा है। इसलिए हम इसका गंभीरता व संजीदगी से रखरखाव करेंगे।

Aprajita Sharan

aprajitasharan@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.