नई दिल्ली। दिल्ली को स्वच्छ, हरित और विकसित बनाने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे 70 लाख पौधारोपण अभियान के तहत सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्लांटेशन ड्राइव में हिस्सा लिया और पौधारोपण किया।
मॉडल टाउन में लगाए गए 1,100 पौधे
‘हरित दिल्ली संकल्प’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मॉडल टाउन क्षेत्र में करीब 1,100 पौधे लगाए गए। पौधारोपण का कार्य सेंट्रल वर्ज, मेट्रो कॉरिडोर के नीचे और सड़कों के दोनों ओर किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को हरा-भरा बनाने के लिए बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चला रही है।
नागरिकों की भागीदारी से पूरा होगा लक्ष्य
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण अभियान से जुड़ें और दिल्ली को स्वच्छ एवं हरित बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा 7 जुलाई को मेगा प्लांटेशन ड्राइव की शुरुआत की गई थी। इसके बाद दिल्ली सरकार ने जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष पोर्टल शुरू किया है, जिसके माध्यम से नागरिक पौधारोपण अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज करा सकते हैं।
घर तक पहुंचाए जा रहे हैं निःशुल्क पौधे
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार वृक्ष रथ के माध्यम से नागरिकों के घर तक निःशुल्क पौधे पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है। इसके अलावा, लोग नर्सरी लोकेटर की मदद से नजदीकी सरकारी नर्सरी से भी निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
एक पेड़ मां के नाम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के हर खाली और उपयुक्त स्थान को हरित क्षेत्र में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।



