नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 122 सीटों पर कल यानी 11 नवंबर को वोटिंग होगी। मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होनी है। इसके लिए 45,399 बूथ बने हैं। चुनाव कर्मी आज शाम तक EVM लेकर बूथों पर पहुंचेंगे। दूसरे चरण में 1302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। इससे पहले फर्स्ट फेज के मतदान में रिकॉर्डतोड़ 65 फीसदी वोटिंग हुई थी।
सुरक्षा व्यवस्था टाइट
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक मतदान केंद्रों पर तीन लेयर की सुरक्षा रहेगी। इसकी मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी। सभी बूथों पर अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे। दूसरे चरण के लिए सबसे ज्यादा 171 सभाएं तेजस्वी यादव ने की। सीएम नीतीश कुमार ने 84 सभाएं की जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 .केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 38 जनसभाएं की जबकि नड्डा ने 16 तो राजनाथ सिंह ने 20 सभाएं की। जनसभा करने में कांग्रेस के नेता पीछे रहे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सिर्फ 4, राहुल गांधी ने 13 जबकि प्रियंका गांधी ने 8 जनसभाएं की।
ये भी पढ़ें-कट्टा से छर्रा तक: चुनावी 30 दिन रहा अनोखा
नेपाल-भारत बॉर्डर सील
इधर दूसरे चरण की वोटिंग को देखते हुए भारत-नेपाल बॉर्डर को 72 घंटे के लिए रोक दिया गया है। शनिवार शाम 6 बजे से ही सभी बॉर्डर पॉइंट्स पर आवाजाही रोक दी गई है। नेपाल से सटे इलाकों में सशस्त्र सीमा बल यानी SSB की टीमें तैनात है। दूसरे फेज में इमामगंज प्रखंड के हेरहज, पथरा और केवलडीह गांव में 25 साल बाद वोटिंग होगी। नक्सल प्रभावित इलाके होने के कारण प्रशासन ने इन गांवों का पोलिंग बूथ 10 किमी दूर सलैया में बनाया था। ज्यादा दूरी के कारण ग्रामीण वोट देने नहीं जा पाते थे। अब सभी मतदाता अपने गांव में ही मतदान कर पाएंगे।



