पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां तेज हो गई हैं। महागठबंधन की प्रमुख पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपनी उम्मीदवारों की सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने देर रात हुई महत्वपूर्ण बैठक में चयनित नामों को मंजूरी प्रदान कर दी। सूत्रों के अनुसार, RJD किसी भी पल अपनी आधिकारिक सूची जारी करने की तैयारी में है, जो महागठबंधन की सीट बंटवारे की घोषणा के साथ ही सार्वजनिक हो सकती है।
दो-तीन सीटों पर अंतिम चर्चा
जानकारी के अनुसार, दो से तीन सीटों पर स्थानीय समीकरण और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस बार उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह ग्राउंड रिपोर्ट और सर्वे पर आधारित रखा गया है। किहर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया गया था, जिसमें फाइनल फैसला खुद तेजस्वी यादव ने किया।
सर्वे और ग्राउंड रिपोर्ट चयन
सूत्र बताते हैं कि उम्मीदवारों का चयन विश्वसनीयता, जनता से जुड़ाव और जीत की संभावना को ध्यान में रखकर किया गया है। साथ ही, RJD इस बार युवा और नए चेहरों को प्राथमिकता दे रही है। ऐसे में अनुमान है कि कई वर्तमान विधायकों का टिकट इस बार कट सकता है। सूत्रों के मुताबिक लगभग 15-20 सीटों पर पुराने चेहरों को रिप्लेस किया गया है।
यह भी पढ़ेंः 40 साल बाद दो चरणों में बिहार चुनाव, पहले फेज में NDA के गढ़ में वोटिंग
तेजस्वी का ‘A to Z’ फॉर्मूला
तेजस्वी यादव ने इस बार भी पार्टी की रणनीति को “A to Z समीकरण” के तहत तैयार किया है। इसका मतलब है कि टिकट वितरण में सभी जातियों और समुदायों का संतुलन रखा गया है। खासकर इस बार अतिपिछड़े वर्ग (EBC) के उम्मीदवारों को अधिक मौके दिए जा रहे हैं, जबकि स्वर्ण (सवर्ण) समुदाय से भी पिछली बार की तुलना में अधिक चेहरे को टिकट मिला है।
सूत्रों का कहना है कि RJD दो दिनों के भीतर अपनी आधिकारिक उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। संभावना है कि महागठबंधन की सीट शेयरिंग की घोषणा के तुरंत बाद यह सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी।



