पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी कांग्रेस ने जारशोर से शुरू कर दी है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने विस चुनाव में सीटों के बंटवारे और प्रचार को धार देने के मकसद से 39 सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया है। इस समिति में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, विधान मंडल दल के नेता डॉ. शकील अहमद खान, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा और प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता जैसे कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है।
समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य भी होंगे जो सांसद विधायक और विधान पार्षद होंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आदेश के बाद चुनाव अभियान समिति गठन का आदेश जारी कर दिया गया है। 39 सदस्य कमेटी में जिन अन्य नेताओं को शामिल किया गया है उनमें शकीलुजमा अंसारी, संजीव टोनी, मोतीलाल शर्मा, कपिल देव प्रसाद, अंशुल अभिजीत, बृजेश पांडेय, जमाल अहमद भल्लू, मंजू राम, आज़मी अंसारी, राजेश राठौर, कैलाश पाल, कुमार आशीष और नीतू निषाद, रेखा सोरेन व अन्य नेता शामिल हैं। स्थायी आमंत्रित सदस्यों में सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सभी सचिव, कांग्रेस वर्किंग समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और फ्रंटल संगठन के सभी अध्यक्ष शामिल किए गए हैं।


प्रियांका गांधी की 26 को पूर्णिया में रैली
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 26 सितंबर को पूर्णिया आएंगी। यहां वह चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। पार्टी को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे पूर्णिया में चुनावी सभा के लिए आयोजन स्थल का चयन कर इसकी जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को मुहैया कराए।
सूत्रों ने बताया कि प्रियंका गांधी बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार सक्रिय रहेंगी और उनकी कोशिश होगी कि कांग्रेस के साथ महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं हो सकें। इसी कड़ी में उनका पहला कार्यक्रम पूर्णिया में संभावित है।



