लखनऊ: विगत दिनों ऊँचाहार में फतेहपुर जनपद निवासी हरिओम वाल्मीकि की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ जहां पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। वहीं दूसरी तरफ आज पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को रास्ते में ही रोक लिया गया। इस दौरान अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपाई गुंडों द्वारा पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है।
पुलिस हिरासत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के साथ पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी, राकेश कुमार राठौर-सांसद सीतापुर सहित भारी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे। पुलिस हिरासत में लिये जाने के दौरान कांग्रेस जनों के साथ झड़प भी हुई। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पीड़ित परिवारजनों से संवेदना व्यक्त करने तथा आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मृतक हरिओम वाल्मीकि के आवास जनपद फतेहपुर जा रहे थे। इस दौरान उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
क्या है मामला
एक अक्टूबर को मानसिक रूप से अस्वस्थ फतेहपुर निवासी हरिओम को ऊंचाहार थाना इलाके के ईश्वरदासपुर में भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला था। इसका खुलासा 2 अक्टूबर को वीडियो वायरल होने के बाद हुआ था। भीड़ ने हरिओम को बेरहमी से तब तक पीटा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गयी थी। परिजनों के मुताबिक हरिओम बैंक में तैनात अपनी पत्नी से मिलने जा रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया।
शुक्रवार को 12वें आरोपी को मुठभेड़ में पुलिस ने किया था गिरफ्तार
दलित युवक हरिओम वाल्मीकि हत्याकांड मामले में पुलिस ने शुक्रवार की देर रात 12वें आरोपी दीपक अग्रहरी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है, जबकि उसका पुराना कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। आरोपी के पास से देश तमंचा भी बरामद हुआ है। इस मामले में पुलिस पहले ही 11 नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है।
राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं ने उठाए थे कानून व्यवस्था पर सवाल
इस हत्याकांड पर रायबरेली सांसद राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाक़ात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।



