नई दिल्ली। एलजी कप का समापन सोमवार को डीडीए के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ, जो दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा आयोजित एक प्रतिष्ठित बहु-विषयक खेल टूर्नामेंट की सफल परिणति का प्रतीक है और इसमें तीन महत्वपूर्ण खेल शामिल थे फुटबॉल, तीरंदाजी और शूटिंग।
उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने टूर्नामेंट के विजेताओं को पदक प्रदान किए। इस अवसर पर भारत सरकार के सड़क परिवहन और कॉर्पोरेट मामलों के माननीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, डीडीए के उपाध्यक्ष एन. सरवन कुमार; और डीडीए के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
फुटबाल डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-17, द्वारका में आयोजित किया गया
इस वर्ष, फुटबॉल के लिए एलजी कप 12 से 16 जनवरी तक डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-17, द्वारका में आयोजित किया गया था, जिसमें पुरुष और महिला श्रेणियों में 12 टीमों ने भाग लिया। नॉकआउट फार्मेट में आयोजित इस टूर्नामेंट में उभरती हुई फुटबॉल प्रतिभाओं के बीच कड़ी और जीवंत प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। पुरुष वर्ग में टीम यंग बॉयज़ और महिला वर्ग में हॉप्स एफसी ने जीत हासिल की।
तीरंदाजी के लिए एलजी कप 16 से 17 जनवरी, तक यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया था और इसमें रिकर्व पुरुष और महिला, और कंपाउंड पुरुष और महिला श्रेणियों में 13 राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले 94 तीरंदाजों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में दस से अधिक अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाज शामिल थे, जिनमें 2023 और 2025 के युवा विश्व चैंपियन, साथ ही विश्व कप 2025 के फाइनलिस्ट भी शामिल थे, यह आयोजन स्थल पर प्रदान किए गए उच्च प्रतिस्पर्धी मानकों और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं को दर्शाता है। कमल सागर (दिल्ली) ने रिकर्व पुरुष वर्ग में गोल्ड मेडल जीता, जबकि रिकर्व महिला वर्ग में सृष्टि जायसवाल (चंडीगढ़) को गोल्ड मेडल मिला। वहीं कंपाउंड पुरुष वर्ग में अभि खत्री (दिल्ली) को गोल्ड मेडल मिला और कंपाउंड महिला वर्ग में चिकिथा (तेलंगाना) ने गोल्ड जीता।
शूटिंग के सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया
शूटिंग के लिए एलजी कप 16 से 18 जनवरी सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया था, जिसमें नेशनल रूल्स और आईएसएसएफ (इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन) दोनों फॉर्मेट के तहत कई आयु वर्गों में एयर राइफल और एयर पिस्टल इवेंट शामिल थे। प्रतियोगिता में कुल 155 शूटर्स ने भाग लिया, जो शूटिंग खेलों की बढ़ती लोकप्रियता और दिल्ली में सभी आयु वर्गों के एथलीटों की मजबूत प्रतिक्रिया को दर्शाता है। एयर राइफल (आईएसएसएफ) के विजेता अनुज कुमार चौधरी और एयर पिस्टल (आईएसएसएफ) की विजेता सान्वी कंसल थीं।
एलजी कप प्रतिस्पर्धा का ही नहीं, बल्कि फिटनेस, सहयोग और स्थायी खेल भावना का प्रतीक है
एलजी कप केवल प्रतिस्पर्धा का ही नहीं, बल्कि फिटनेस, अनुशासन, सहयोग और स्थायी खेल भावना के लिए एक गंभीर प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है, जो एथलीट और समुदाय को एक साथ जोड़ता है। एलजी कप जैसी पहलों के माध्यम से, डीडीए एक जीवंत खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है, बड़े पैमाने पर भागीदारी को बढ़ावा देने और उभरती हुई प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ा रहा है, साथ ही दिल्ली और एनसीआर के लोगों के बीच एक स्वस्थ, सक्रिय और अनुशासित जीवन शैली के लिए प्रेरित कर रहा है। ये प्रयास माननीय प्रधानमंत्री के “फिट इंडिया” विज़न के साथ पूर्ण रूप से जुड़ा हुआ हैं और माननीय उपराज्यपाल महोदय के मार्गदर्शन में खेल आधारिक संरचना को सशक्त करने और युवा खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ाने पर केन्द्रित है।

कैफे का किया उद्घाटन
इसके अलावा, यमुना खेल परिसर में सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए, दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा लम्बे समय से इंतजार किए जा रहे कैफे का भी उद्घाटन किया गया। यह कैफे परिसर के सदस्यों, उनके आश्रितों और पूर्वी दिल्ली के निवासियों को असली यूरोपियन खाना और बेहतर पेय पदार्थ उपलब्ध करवाएगा। एक यूरोपियन तटीय विला की शान और आकर्षण को दिखाने हेतु डिज़ाइन और नवीनीकरण की गई यह नई जगह, मनोरंजन, आराम और बेहतरीन हास्पिटैलिटी के साथ खेल परिसर के अनुभव को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए तैयार है। माननीय उपराज्यपाल महोदय के मार्गदर्शन में डीडीए, राष्ट्रीय राजधानी में खेल आधारिक संरचना को सुदृढ़ बनाने और खेल को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। अभी डीडीए के पास 18 खेल परिसर, 4 लघु खेल परिसर और 3 पब्लिक गोल्फ कोर्स हैं। इसके अतिरिक्त, द्वारका और रोहिणी में कई खेलों में उत्कृष्टता केंद्र बनाए जा रहे हैं।



