नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज (India vs England Test series) अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। चार मुकाबले पूरे हो चुके हैं और आखिरी टेस्ट 31 जुलाई को ओवल में खेला जाना है। वहीं, इस दौरे पर भारतीय टीम (Indian Team) का एक सदस्य लगातार बेंच पर बैठा है और उसके अंतिम मुकाबले में भी खेलने की संभावना ना के बराबर लग रही है।
यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि घरेलू क्रिकेट के अनुभवी और रन मशीन माने जाने वाले अभिमन्यु ईश्वरन (Abhimanyu Easwaran) हैं। चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भले ही उन्हें उनके फर्स्ट क्लास प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह दी, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की योजनाओं में अब तक उनकी कोई जगह नहीं बन पाई है।
ईश्वरन को नहीं मिला एक भी टेस्ट खेलने का मौका
पूरा इंग्लैंड दौरा अभिमन्यु ईश्वरन (Abhimanyu Easwaran) के लिए अब तक दर्शक बनने तक ही सीमित रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ओवल टेस्ट में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की संभावना बेहद कम है। ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की अनुपस्थिति में ध्रुव जुरेल को विकेटकीपर की भूमिका दी गई है, जबकि मध्य क्रम में साई सुदर्शन को प्राथमिकता मिली-बावजूद इसके कि सुदर्शन ने अब तक खेले दो मैचों में खास प्रदर्शन नहीं किया है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी रह गए थे बाहर
गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के कोचिंग कार्यकाल में यह दूसरी बार है जब ईश्वरन को स्क्वाड में तो शामिल किया गया लेकिन डेब्यू का मौका नहीं मिला। इससे पहले दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी जब रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पहले टेस्ट में नहीं खेले, तब भी माना जा रहा था कि ईश्वरन को मौका मिल सकता है। लेकिन गंभीर ने तब भी उन्हें दरकिनार ही रखा।
शानदार घरेलू रिकॉर्ड के बावजूद मिल रहा अनदेखा
ईश्वरन का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली है। 103 मैचों की 177 पारियों में उन्होंने 7841 रन बनाए हैं, जिसमें 27 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बल्लेबाजी औसत लगभग 48.9 है — जो किसी भी टेस्ट डेब्यू की दावेदारी के लिए मजबूत आधार है।
इसके बावजूद, लगातार दो सीरीज में मौका ना मिलने से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या गंभीर की योजनाओं में ईश्वरन के लिए कोई जगह है या नहीं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज अपने डेब्यू का इंतजार करते-करते दर्शक ही बनकर रह गया है।



