मुंबई | भारतीय टीम के आक्रामक बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने निजी जीवन की एक नई और यादगार पारी की शुरुआत कर दी है। 26 वर्षीय क्रिकेटर ने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड और मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकृति अग्रवाल के साथ सगाई कर ली है। पृथ्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें साझा कर अपने प्रशंसकों को यह खुशखबरी दी।
मैदान के बाहर भी सुपरहिट पारी
पृथ्वी शॉ ने अपनी सगाई की तस्वीरों को एक बेहद खास क्रिकेटिया अंदाज में कैप्शन दिया। उन्होंने लिखा, “मैदान पर छक्के लगाने से लेकर मैदान के बाहर जीवन भर की हिट्स तक। वह मेरी परफेक्ट इनिंग्स है!” पृथ्वी के इस पोस्ट के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके साथी खिलाड़ियों और प्रशंसकों की ओर से बधाई देने वालों का तांता लग गया है।
क्रिकेट जगत ने दी बधाई
पृथ्वी की इस नई शुरुआत पर उनके साथी क्रिकेटर राहुल चाहर ने कमेंट करते हुए लिखा, “बधाई हो भाई।” वहीं, उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने भी इस जोड़े को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रशंसकों ने भी पृथ्वी के संघर्ष के दिनों में आकृति के साथ की सराहना करते हुए उन्हें ‘बेस्ट कपल’ बताया।
कौन हैं आकृति अग्रवाल?
आकृति अग्रवाल एक जानी-मानी डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। वह मुख्य रूप से फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़े पोस्ट के लिए पहचानी जाती हैं। 2 मई 2003 को लखनऊ में जन्मीं आकृति बाद में अपने परिवार के साथ मुंबई शिफ्ट हो गई थीं। उन्होंने हाल ही में एक क्राइम थ्रिलर में अभिनय कर अपनी एक अलग पहचान भी बनाई है।



