चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के सीजन में लगातार हार का सामना कर रही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आखिरकार एक अच्छी खबर आई है। टीम के स्टार दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस, जिन्हें ‘बेबी एबी’ के नाम से भी जाना जाता है, ने आगामी 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है। यह मैच शनिवार को चेन्नई के घरेलू मैदान चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
ब्रेविस की उपलब्धता की पुष्टि करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, चोट के कारण वह इस सीजन के पहले तीन मैचों में चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। एक गेम शो के दौरान, जिसमें कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी भी मौजूद थे, ब्रेविस से जब फैंस के लिए संदेश मांगा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मिलते हैं 11 तारीख को। हर मैच में और हर जगह जहां हम खेलते हैं।”
🚨 DEWALD BREVIS HIMSELF CONFIRMED THAT HE WILL PLAY ON 11th APRIL 🚨 pic.twitter.com/B4HxSe8Cwh
— The Brevis (@Ben10Brevis) April 8, 2026
धोनी की कमी और गिरता प्रदर्शन
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह वापसी किसी संजीवनी से कम नहीं है, क्योंकि टीम वर्तमान में अपने सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी चोट के कारण पहले ही शुरुआती 6 मैचों से बाहर हैं। धोनी की अनुपस्थिति में टीम का मध्यक्रम संघर्ष करता नजर आ रहा है और फैंस उनकी कमी को शिद्दत से महसूस कर रहे हैं।
पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है सीएसके
IPL 2026 में चेन्नई की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है। टीम ने अब तक खेले गए अपने तीनों शुरुआती मैच गंवाए हैं और -2.517 के खराब नेट रन रेट (NRR) के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर है। ऐसे में डेवाल्ड ब्रेविस की पावर-हिटिंग बल्लेबाजी टीम को वह मजबूती दे सकती है, जिसकी उसे दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज करने और अपना खाता खोलने के लिए सख्त जरूरत है।
अब देखना यह होगा कि चेपॉक की स्पिन-फ्रेंडली पिच पर ब्रेविस का बल्ला किस तरह गरजता है और क्या वह CSK की हार के सिलसिले को तोड़ पाते हैं या नहीं।



