नई दिल्ली: लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले का पहला दिन पूरी तरह भारतीय टीम के नाम रहा। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 359 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल 127 रन और ऋषभ पंत 65 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
मैच की शुरुआत में सलामी जोड़ी ने मजबूत नींव रखी। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। यशस्वी ने 159 गेंदों पर 101 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि राहुल ने 42 रनों का योगदान दिया। हालांकि, टेस्ट डेब्यू कर रहे साई सुदर्शन खाता नहीं खोल सके।
शुभमन गिल का मोजों वाला विवाद
जहां गिल की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा, वहीं उनके पहनावे को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, शुभमन गिल काले रंग के मोजे पहनकर मैदान पर उतरे, जो ICC के ड्रेस कोड का उल्लंघन माना जा सकता है। टेस्ट क्रिकेट में परंपरा के अनुसार सफेद, क्रीम या हल्के भूरे रंग के मोजे पहनने का नियम है।
आईसीसी के ड्रेस और इक्विपमेंट संबंधी नियमों के मुताबिक, यह मामला अनुशासनात्मक कार्रवाई के दायरे में आ सकता है। मई 2023 से लागू नए दिशानिर्देशों के तहत यदि यह उल्लंघन ‘लेवल 1’ श्रेणी में आता है, तो गिल पर उनकी मैच फीस का 10 से 20 प्रतिशत तक जुर्माना लग सकता है। हालांकि, अगर यह साबित हो जाता है कि गिल से यह गलती अनजाने में हुई है, तो वह सजा से बच सकते हैं।
क्या होगा अगला कदम?
अब सबकी निगाहें मैच रेफरी पर टिकी हैं, जो इस मामले में अंतिम निर्णय लेंगे। वहीं, क्रिकेट प्रशंसक शुभमन गिल की शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ इस विवाद पर भी नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल भारतीय टीम टेस्ट के पहले ही दिन मजबूत स्थिति में है, और अगर बल्लेबाजों का यह प्रदर्शन जारी रहा, तो यह टेस्ट भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है।



