नई दिल्ली: क्रिकेट के महाकुंभ यानी वनडे वर्ल्ड कप 2027 (World Cup 2027) का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने शुक्रवार को 54 मैचों का ब्लूप्रिंट साझा किया, जिसमें तीन देशों जैसे दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया को मेजबानी का जिम्मा सौंपा गया है। खास बात यह है कि नामीबिया (Namibia World Cup 2027) पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।
सबसे ज्यादा मैच दक्षिण अफ्रीका में
आईसीसी की घोषणा के अनुसार, वर्ल्ड कप (ICC Cricket World Cup 2027) के 44 मुकाबले दक्षिण अफ्रीका में खेले जाएंगे। 2003 में आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका ने वनडे वर्ल्ड कप होस्ट किया था, जबकि 2007 में वहां टी20 वर्ल्ड कप आयोजित हुआ था। अब लगभग दो दशक बाद एक बार फिर बड़ा टूर्नामेंट अफ्रीकी सरजमीं पर लौट रहा है। दक्षिण अफ्रीका (South Africa World Cup 2027) जिन प्रमुख स्टेडियमों में मैचों की मेजबानी करेगा उनमें जोहान्सबर्ग का वांडरर्स, सेंचुरियन का सुपरस्पोर्ट पार्क, केप टाउन का न्यूलैंड्स, डरबन का किंग्समीड, गेकेबेरा का सेंट जॉर्ज पार्क, पार्ल का बोलैंड पार्क और ईस्ट लंदन का बफेलो पार्क शामिल हैं। अनुमान है कि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले जोहान्सबर्ग और सेंचुरियन में खेले जाएंगे। हालांकि, विस्तृत शेड्यूल टूर्नामेंट से लगभग दो महीने पहले घोषित किया जाएगा।
जिम्बाब्वे और नामीबिया को भी मौका
आईसीसी ने कुल 10 मैच जिम्बाब्वे और नामीबिया को दिए हैं। जिम्बाब्वे को आखिरी बार 2003 में वर्ल्ड कप की मेजबानी का मौका मिला था, जबकि नामीबिया पहली बार इस स्तर का टूर्नामेंट आयोजित करेगा। खबरों के मुताबिक, जिम्बाब्वे में 6 से 7 मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा सकते हैं, जबकि नामीबिया को 3 से 4 मुकाबले मिल सकते हैं। नामीबिया में फिलहाल स्टेडियम निर्माण का काम चल रहा है, और आईसीसी का उद्देश्य वहां क्रिकेट को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रशंसकों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया से हो सकती है धमाकेदार शुरुआत
टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच को लेकर अटकलें तेज हैं। माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप 2027 का पहला मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच खेला जा सकता है। इसका कारण भी साफ है—2023 वर्ल्ड कप का फाइनल इन्हीं दो टीमों के बीच हुआ था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था। ऐसे में दो साल बाद एक बार फिर दोनों दिग्गजों के बीच मुकाबले से टूर्नामेंट की शुरुआत रोमांचक बन सकती है।
सीधी एंट्री पक्की
चूंकि जिम्बाब्वे और नामीबिया इस बार मेजबानी कर रहे हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों टीमों को सीधे टूर्नामेंट में जगह दी जाएगी। इससे पहले भारत में खेले गए 2023 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने खिताब अपने नाम किया था और टीम इंडिया उपविजेता रही थी।
वर्ल्ड कप 2027 तीन देशों की संयुक्त मेजबानी में एक भव्य आयोजन बनने जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका जहां अधिकांश मैचों की मेजबानी करेगा, वहीं जिम्बाब्वे और नामीबिया के लिए यह ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। खासतौर पर नामीबिया पहली बार क्रिकेट जगत के सबसे बड़े मंच पर कदम रखने जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि विस्तृत शेड्यूल कब सामने आता है और कौन-सा मुकाबला टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत करेगा।



