आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले क्रिकेट जगत में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी टीम टूर्नामेंट के लिए भारत की यात्रा नहीं करेगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत जाने से इनकार किया है, भले ही इसके लिए उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होने का जोखिम ही क्यों न उठाना पड़े।
डेडलाइन की खबरों को किया खारिज
मीडिया में ऐसी खबरें थीं कि आईसीसी ने बांग्लादेश को अपनी भागीदारी की पुष्टि करने के लिए 21 जनवरी तक का समय दिया है। हालांकि, खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा, “हम आईसीसी या बीसीसीआई के किसी भी अनुचित दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। अगर आईसीसी हम पर अनुचित शर्तें थोपने की कोशिश करती है, तो हम उन्हें स्वीकार नहीं करेंगे।”
पाकिस्तान का दिया हवाला
बांग्लादेश ने तर्क दिया है कि जिस तरह हाइब्रिड मॉडल के तहत पाकिस्तान की टीम अपने मैच श्रीलंका में खेल रही है, उसी तरह बांग्लादेश को भी यह विकल्प मिलना चाहिए। बांग्लादेश ने आयरलैंड के साथ ‘ग्रुप स्वैप’ का प्रस्ताव भी दिया था (ताकि वे श्रीलंका में खेल सकें), लेकिन आईसीसी और क्रिकेट आयरलैंड दोनों ने इस अनुरोध को ठुकरा दिया है।
आईसीसी का कड़ा रुख: स्कॉटलैंड ले सकता है जगह
आईसीसी ने बांग्लादेश को आश्वासन दिया है कि भारत में उनकी टीम को कोई विशेष खतरा नहीं है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। आईसीसी ने अब फैसला बांग्लादेश बोर्ड पर छोड़ दिया है। सूत्रों के मुताबिक, यदि बांग्लादेश इस विश्व कप का बहिष्कार करता है, तो आईसीसी उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर सकती है।



