नई दिल्ली: Asia Cup 2025 अगले महीने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच मुकाबले से होगी, जबकि भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को मेजबान यूएई (India vs UAE 2025) के खिलाफ खेलेगा। यह टूर्नामेंट 28 सितंबर तक चलेगा, जिसके बाद टीम इंडिया का बड़ा ऑस्ट्रेलिया दौरा (India tour of Australia) तय है।
रोहित-विराट की वापसी
ऑस्ट्रेलिया दौरे में भारत को तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। खास बात यह है कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) इस वनडे सीरीज में मैदान पर वापसी करने वाले हैं। दोनों दिग्गजों ने आखिरी बार मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy) खेली थी, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद से दोनों भारतीय जर्सी में नजर नहीं आए।
शुभमन गिल को जगह नहीं
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरे पर रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी यशस्वी जायसवाल को सौंपी जा सकती है, जबकि उप-कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) को मौका नहीं दिया जाएगा। गिल का बाहर होना हैरानी का विषय है, क्योंकि उन्होंने वनडे फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। दूसरी ओर, जायसवाल अब तक सिर्फ एक वनडे खेल पाए हैं।
मध्यक्रम और विकेटकीपिंग संयोजन
विराट कोहली (Virat Kohli) के साथ मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल शामिल रहेंगे। वहीं, केएल राहुल को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में जगह मिल सकती है। ऋषभ पंत भी स्क्वाड का हिस्सा होंगे और जरूरत पड़ने पर विकेटकीपिंग कर सकते हैं। ऑलराउंडर विभाग में हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा मुख्य विकल्प होंगे।
गेंदबाजी विकल्प
स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को चुना जाना तय माना जा रहा है। तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह को जगह मिल सकती है। शमी चोट के कारण लंबे समय से बाहर हैं और वापसी की राह देख रहे हैं, जबकि बुमराह ने आखिरी बार 2023 में वनडे खेला था।
संभावित स्क्वाड
रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।



