नई दिल्ली: IPL 2025 का सफर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए बेहद कठिन साबित हुआ। महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा। टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद धोनी ने इशारा दिया था कि टीम में बड़े बदलाव हो सकते हैं, और अब वही संकेत हकीकत का रूप लेते दिख रहे हैं।
10 खिलाड़ियों को छोड़ने की तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, CSK मैनेजमेंट अगले सीजन से पहले एक साथ 10 खिलाड़ियों को रिलीज करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इस संभावित सूची में अनुभवी स्पिनर आर. अश्विन (R Ashwin) का नाम भी शामिल है, जिन्हें 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। इसके अलावा डेवोन कॉन्वे, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी और दीपक हुड्डा जैसे अहम नाम भी इसमें हो सकते हैं।
बढ़ेगा नीलामी पर्स
अगर ये सभी खिलाड़ी रिलीज होते हैं, तो टीम के पास IPL 2026 की नीलामी के समय लगभग 34.45 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध होगी। CSK प्रबंधन इस रकम के जरिए एक नई और संतुलित टीम तैयार करने की योजना बना रहा है। पिछले सीजन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मैनेजमेंट का मानना है कि ताजा खिलाड़ियों और नई रणनीति की सख्त जरूरत है।
संभावित रिलीज लिस्ट और मौजूदा कीमतें
- आर. अश्विन – ₹9.75 करोड़
- डेवोन कॉन्वे – ₹6.25 करोड़
- रचिन रवींद्र – ₹4 करोड़
- राहुल त्रिपाठी – ₹3.4 करोड़
- सैम करन – ₹2.4 करोड़
- गुरजपनीत सिंह – ₹2.2 करोड़
- नाथन एलिस – ₹2 करोड़
- दीपक हुड्डा – ₹1.75 करोड़
- जेमी एवरटन – ₹1.5 करोड़
- विजय शंकर – ₹1.2 करोड़
धोनी का करियर अब भी सवालों में
टीम में सबसे बड़ी अनिश्चितता महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर है। हाल ही में एक कार्यक्रम में धोनी ने कहा “मुझे नहीं पता कि मैं खेलूंगा या नहीं। दिसंबर तक मेरे पास समय है। कुछ महीनों में सोचकर फैसला लूंगा।”
इससे साफ है कि धोनी जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेना चाहते।
नई रणनीति पर टिकी निगाहें
IPL 2026 से पहले खिलाड़ियों को रिलीज कर नए खिलाड़ियों को शामिल करना CSK के लिए बड़ा दांव होगा। टीम मैनेजमेंट को अनुभव और युवा जोश का संतुलन साधना होगा, जबकि फैंस की नजरें धोनी के निर्णय और टीम की नई योजना पर टिकी रहेंगी।



