नई दिल्ली: साल 2026 की शुरुआत के साथ ही सोशल मीडिया पर नॉस्टैल्जिया की लहर दौड़ पड़ी है। इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर यूज़र्स अचानक साल 2016 की यादों में लौटते नजर आ रहे हैं। पुराने लो-फाई वीडियो, धुंधली iPhone तस्वीरें और कभी बेहद लोकप्रिय रहे स्नैपचैट फिल्टर्स के साथ एक ही कैप्शन ट्रेंड कर रहा है— “2026 is the new 2016.”
बीते कुछ हफ्तों में सोशल मीडिया फीड्स 2016 के थ्रोबैक पोस्ट्स से भर गए हैं। यूज़र्स अपने डिजिटल आर्काइव से पुरानी तस्वीरें और वीडियो निकालकर शेयर कर रहे हैं, जिनमें टीनएज के पल, पुराने दोस्त, शुरुआती सोशल मीडिया स्टाइल और उस दौर की यादें ताज़ा हो रही हैं।
क्या है ‘2026 is the new 2016’ ट्रेंड?
इस ट्रेंड के तहत लोग साल 2016 की अपनी तस्वीरें या वीडियो शेयर कर उस समय की ज़िंदगी को याद कर रहे हैं। कई यूज़र्स कैप्शन में बताते हैं कि वे उस दौर में भावनात्मक या प्रोफेशनल रूप से कहां खड़े थे, जबकि कुछ लोग पुराने फैशन और फिल्टर्स पर मज़ाकिया अंदाज़ में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मिड-2010s का म्यूज़िक इस ट्रेंड को और भी नॉस्टैल्जिक बना रहा है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, टिकटॉक पर “2016” से जुड़े सर्च में साल के पहले हफ्ते में 452 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो इस ट्रेंड की लोकप्रियता को दर्शाता है।
सेलेब्रिटीज भी हुए शामिल
यह नॉस्टैल्जिया ट्रेंड सिर्फ आम यूज़र्स तक सीमित नहीं है। कई सेलेब्रिटीज़ ने भी इसमें हिस्सा लिया है। सिंगर-गीतकार खालिद ने 2016 की तस्वीरें शेयर करते हुए बस “2016” लिखा, जिनमें उनकी स्कूल ग्रेजुएशन और दोस्तों के साथ बिताए पल शामिल थे।
मॉडल कार्ली क्लॉस ने भी स्नैपचैट डॉग फिल्टर वाली तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “Did someone say 2016?!” वहीं, सिंगर चार्ली पुथ ने बिना पुरानी तस्वीरें पोस्ट किए, अपने 2016 के हिट गाने We Don’t Talk Anymore पर एक वीडियो शेयर किया और लिखा, “Heard it was 2016 again?”
साफ है कि 2026 की शुरुआत में लोग एक बार फिर उस दौर की सादगी और बेफिक्री को महसूस करना चाहते हैं, जिसने सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को वायरल बना दिया है।



