नई दिल्ली। क्या आप आयरन की गोलियां लेने और पौष्टिक खाना खाने के बावजूद लगातार थकान, सिरदर्द और बालों के झड़ने से परेशान हैं? यदि हां, तो समस्या आपके आयरन के सेवन में नहीं, बल्कि शरीर द्वारा उसे न सोख पाने में हो सकती है। प्रसिद्ध फंक्शनल न्यूट्रिशनिस्ट और हार्मोन विशेषज्ञ शिखा गुप्ता कश्यप के अनुसार, आयरन का स्तर बनाए रखने के लिए केवल उसे खाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शरीर उसे प्रभावी ढंग से ग्रहण करे, यह सुनिश्चित करना अधिक महत्वपूर्ण है
आयरन अवशोषण बढ़ाने के 6 अचूक उपाय
विशेषज्ञ ने 15 वर्षों के अपने अनुभव के आधार पर कुछ सरल लेकिन प्रभावी तरीके साझा किए हैं
विटामिन-सी के साथ जुगलबंदी
आयरन युक्त खाद्य पदार्थों, विशेषकर शाकाहारी स्रोतों के साथ नींबू, आंवला या संतरे का सेवन करें। विटामिन-सी आयरन के अवशोषण को कई गुना बढ़ा देता है।
चाय-कॉफी से दूरी
आयरन युक्त भोजन के साथ या उसके तुरंत बाद चाय-कॉफी न पिएं। इनमें मौजूद तत्व आयरन के अवशोषण को 60 प्रतिशत तक कम कर देते हैं। कम से कम एक घंटे का अंतराल रखें।
कैल्शियम के साथ न लें
दूध या डेयरी उत्पादों को आयरन के साथ लेने से बचें, क्योंकि कैल्शियम आयरन सोखने की प्रक्रिया में बाधा डालता है।
थायराइड दवाओं का रखें ध्यान
यदि आप थायराइड की दवा ले रहे हैं, तो उसे आयरन की गोली के साथ कभी न लें।
पेट की अम्लता
पाचन तंत्र में पर्याप्त एसिड का होना जरूरी है। यदि पेट में एसिड का स्तर कम है, तो शरीर आयरन को ठीक से नहीं पचा पाएगा।
आंतों का स्वास्थ्य
पेट की सूजन या संक्रमण आयरन सोखने की क्षमता को ब्लॉक कर देता है। इसलिए पाचन तंत्र को स्वस्थ रखना अनिवार्य है।
आयरन के बेहतरीन स्रोत
शाकाहारी: पालक, चुकंदर, राजमा, छोले, तिल, कद्दू के बीज, हलीम के बीज, गुड़, खजूर, रागी, टोफू और मेथी।
मांसाहारी: अंडे, चिकन लीवर, रेड मीट, मछली और झींगे।
सप्लीमेंट का चुनाव
यदि आपको आयरन की गोलियों से पेट खराब होने की शिकायत रहती है, तो विशेषज्ञ ‘आयरन बिस्ग्लाइसीनेट’ लेने की सलाह देते हैं। यह पेट के लिए कोमल होता है और शरीर इसे आसानी से ग्रहण कर लेता है।



