केंद्र सरकार की सभी पहलों को लागू करने में दिल्ली बनेगी रोल मॉडल: कपिल मिश्रा

दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने 40 + आयु के श्रमिकों के लिए मुफ्त वार्षिक स्वास्थ्य जांच पहल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डा. मनसुख मांडविया का आभार जताया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सभी लेबर कोडस लागू करने और ईज आफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने लिए प्रतिबद्ध है। लिकर शॉप को छोड़ अन्य प्रतिष्ठान अब 24 घंटे खुल सकेंगे और महिला श्रमिकों को रात में कार्य की अनुमति दी गई है।

Share This Article:

नई दिल्ली। श्रमेव जयते संकल्प की दिशा में देश में नई श्रम संहिता के अंतर्गत 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिकों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच की पहल पर दिल्ली सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री कपिल मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त किया। गुरूवार को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बसई दारापुर से इस पहल के शुभारम्भ के दौरान कपिल मिश्रा ने कहा कि श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दिल्ली सरकार की प्राथमिकता हैं।

40 वर्ष से ऊपर सबसे संवेदनशील आयु वर्ग होता है

कपिल मिश्रा ने कहा कि योजना के अंतर्गत 40 वर्ष से ऊपर सबसे संवेदनशील आयु वर्ग होता है। अगर पहले से ही स्वास्थ्य परीक्षण हो जाएगा तो समय रहते उसका उपचार होगा। इससे श्रमिक भाइयों-बहनों के साथ ही उनका परिवार बड़ी विपत्ति से बच जायेगा। श्रम मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पूरे देश में श्रमिकों के लिए जिस प्रकार की नीतियों का निर्माण किया जा रहा है, इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया जा रहा है, कानून बनाए जा रहे हैं, उनमें प्रधानमंत्री जी का विशेष विज़न रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी योजनाएं पूरी तत्परता और प्रभावशाली तरीके से दिल्ली में लागू होंगी, और इन सभी ऐतिहासिक पहलों को लागू करने में दिल्ली एक रोल मॉडल की तरह कार्य करेगा। दिल्ली सरकार भी सभी लेबर कोड्स को तुरंत लागू करने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री लगभग हर महीने लेबर डिपार्टमेंट और कंस्ट्रक्शन वर्कर्स बोर्ड की बैठक लेकर समीक्षा कर रही हैं।

अब रात में भी दिल्ली की महिला श्रमिक बहनें काम कर सकती हैं

श्रम मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों और सुझावों पर दिल्ली सरकार लगातार सुधारों पर कार्य कर रही है। दिल्ली की महिला श्रमिक बहनों के लिए बहुत सारे नियमों में परिवर्तन किए हैं। उन्हें 24 घंटे काम करने में जो कानूनी बाधाएं आती थीं, उन सभी बाधाओं को दिल्ली सरकार ने दूर किया है। अब रात में भी दिल्ली की महिला श्रमिक बहनें चाहें तो विभिन्न प्रतिष्ठानों में काम कर सकती हैं।

लिकर शॉप को छोड़कर अन्य प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने का फैसला

दिल्ली में लिकर शॉप को छोड़कर अन्य प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने का भी फैसला लिया गया है। दिल्ली में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत पुलिस, नगर निगम और अन्य विभागों की आवश्यक अनुमतियों जैसी कई प्रक्रियाओं को सरल किया गया है। अब बहुत ही सरल तरीके से दिल्ली में नए प्रतिष्ठान खोले भी जा सकते हैं और चलाए भी जा सकते हैं। मिश्रा ने कहा कि दो मानसिकताओं का दौर इस देश ने देखा है। एक दौर था जब ताजमहल बनने के बाद उसे बनाने वालों के हाथ ही काट दिए गए थे और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या में श्री राम का भव्य मंदिर बनाने वालों और प्रयागराज कुंभ में स्वच्छता दूतों पर फूल बरसाते हैं और उनके चरण धोते हैं।

अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिल्ली आकर प्रदर्शन कर रहे हैं

पर्यटन मंत्री के रूप में आभार जताते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि पहले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और इंदिरा गांधी स्टेडियम की बुकिंग बहुत महंगी होने के कारण दिल्ली में बड़े कार्यक्रम नहीं हो पा रहे थे। दिल्ली सरकार के अनुरोध पर केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रेट में बदलाव कर दिया। आज लगभग सभी बड़े अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिल्ली आकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.