सीतामढ़ी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी स्थित पुनौराधाम में माता जानकी मंदिर की आधारशिला रखी. इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री और साधु-संत मौजूद थे. इस कार्यक्रम में शाह ने मंदिर निर्माण के साथ-साथ विपक्षी दलों, खासकर RJD और कांग्रेस पर, घुसपैठियों के मुद्दे पर तीखा हमला बोला।
भव्य मंदिर निर्माण का लक्ष्य
पुनौराधाम में माता सीता के जन्मस्थान पर 67 एकड़ भूमि पर एक भव्य मंदिर परिसर बनाया जाएगा. इस परियोजना पर बिहार सरकार 883 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस परिसर में मंदिर के अलावा यज्ञ मंडप, म्यूजियम, ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, खेल का मैदान और धर्मशाला जैसी कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार ने 2028 तक मंदिर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है. शिलान्यास के लिए 21 तीर्थ क्षेत्रों की मिट्टी और 31 नदियों के जल का उपयोग किया गया।
विपक्ष पर शाह का तीखा हमला
अपने संबोधन में अमित शाह ने घुसपैठियों को मतदाता सूची से हटाने के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस को घेरा।उन्होंने कहा कि संविधान भारत में पैदा नहीं हुए लोगों को वोट देने का अधिकार नहीं देता. शाह ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे जानबूझकर इस मुद्दे पर हंगामा कर रहे हैं क्योंकि उन्हें घुसपैठियों के वोट चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं बनिए का बेटा हूँ, हर चीज का हिसाब लेकर आया हूँ,” और जोर देकर कहा कि आने वाले चुनावों में बिहार में NDA की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।
- इसको भी पढ़ें: Premanand Maharaj Viral Video: युवाओं पर बयान से मचा बवाल
केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बिहार के लिए दी गई सौगातों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले छह दौरों में पीएम मोदी ने 83 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। शाह ने 2400 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सीतामढ़ी रेल खंड और 1600 करोड़ रुपये से बन रहे खगड़िया-पूर्णिया नेशनल हाईवे का भी उल्लेख किया। उन्होंने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों को मारने की बात कहते हुए केंद्र सरकार की सख्त नीतियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस दौरान राज्य में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि NDA सरकार ने बिहार में सड़क, बिजली और पेंशन जैसी योजनाओं में काफी सुधार किया है. उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच रेल और सड़क संपर्कता बढ़ेगी, जिससे दोनों धार्मिक स्थलों का विकास होगा। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने सीतामढ़ी से नई दिल्ली के लिए एक नई अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।



