लखनऊ। योगी सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का असर लगातार देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में देवीपाटन मंडल में आयोजित संध्या संवाद कार्यक्रम के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान कर उन्हें बड़ी राहत दी गई।
श्रावस्ती में आयोजित हुआ कार्यक्रम
श्रावस्ती में आयोजित संध्या संवाद कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जीपीएफ और अन्य सेवा संबंधी देयों के भुगतान लंबित होने की समस्या रखी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी श्रावस्ती अन्नपूर्णा गर्ग ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी कराईं। इसके परिणामस्वरूप कुल 89 लाख 41 हजार 612 रुपये की जीपीएफ धनराशि पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खातों में भेजी गई।
कर्मचारियों के चेहरे खिले
भुगतान मिलने के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। लाभ पाने वालों में प्रकाश नारायण पाठक, राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय, सुनील श्रीवास्तव, प्रेम नारायण वर्मा, कौशल्या देवी, अवधेश कुमार और भगवान दीन वर्मा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि लोगों को अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संध्या संवाद इसी उद्देश्य के साथ प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। देवीपाटन मंडल में संध्या संवाद कार्यक्रम की शुरुआत श्रावस्ती की ग्राम पंचायत टेण्डवा महन्थ से की गई थी। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुना जा रहा है और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।



