पटना: इंडिया गठबंधन की 10 अगस्त से शुरू होने वाली वोट अधिकार यात्रा अब 17 अगस्त से शुरू होगी। यात्रा की शुरुआत 17 से सासाराम से होगी। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत गठबंधन के घटक दलों के अन्य बड़े नेता शामिल होंगे। वोट अधिकार यात्रा का कार्यक्रम आने वाले एक दो दिन में सार्वजनिक किया जाएगा।
इस वक्त बिहार में हो रही मूसलाधार बारिश से प्रदेश की गंगा और कोसी नदी उफान पर है। कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई और शहरों में जलजमाव को देखते हुए इंडिय गठबंधन ने यह फैसला लिया है। इसके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबूसोरेन के निधन के कारण भी यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
पहले इस यात्रा की शुरुआत 10 अगस्त से ही होनी थी। हालांकि पार्टी ने अभी नई तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन 17 अगस्त से यात्रा शुरू होना तय माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि इस यात्रा में राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकती है। महागठबंधन की यह वोट अधिकार यात्रा 30 से अधिक जिलों से होकर गुजर सकती है। इस दौरान पदयात्रा के अलावा जनसभा भी होगी। यात्रा के दौरान महागठबंधन के नेता बिहार में किए गए विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण की कमियां गिनाएंगे। इस यात्रा के जरिए गठबंधन के नेता बूथ स्तर तक जाकर जनता को एनडीए सरकार की नाकामियों के बारे में बताएंगे।



