जेल से बाहर आने के बाद सीएम नीतीश से मिले अनंत सिंह

जेल से बाहर आने के बाद मोकामा के बाहुबली व पूर्व विधायक अनंत सिंह की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इससे विधान सभा चुनावों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

Share This Article:

पटना: बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, जहां मोकामा के बाहुबली व पूर्व विधायक अनंत सिंह ने शनिवार सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे अनंत सिंह करीब 15 मिनट वहां रहे। विधान सभा चुनावों से पहले यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। वापस लौटते वक्त अनंत सिंह ने मीडिया से कोई बात नहीं की वह सीधे अपने घर की ओर निकल गए। इस चुप्पी के बीच राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं कि अनंत सिंह ने आगामी चुनावों के लिए मोकामा सीट से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार के रूप में अपनी दावेदारी पेश की है।

अनंत सिंह के इरादे

जेल से रिहा होने के बाद से ही अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक इरादे स्पष्ट कर दिए थे। उन्होंने ऐलान कर रखा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव मोकामा से लड़ेंगे, वह भी नीतीश कुमार की पार्टी JDU के टिकट पर। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर पार्टी उन्हें तेजस्वी यादव के खिलाफ उतारती है, तो वह उनकी जमानत जब्त करवा देंगे। अनंत सिंह ने यह भी भविष्यवाणी की थी कि अगले चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सिर्फ 15 सीटों पर सिमट जाएगी और नीतीश कुमार ही दोबारा बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।

इस मामले में हुई थी जेल

मामला पंचमहला गोलीबारी से जुड़ा है, जिसमें अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिली है। बीते 22 जनवरी को शुरू सोनू और मोनू नाम के दो लोगों ने मुकेश सिंह के घर में ताला लगा दिया। मुकेश ने अनंत सिंह से मदद मांगी। मुकेश पर आरोप था कि उसने अपने ईंट भट्ठे के मुंशी के तौर पर 68 लाख रुपये का गबन किया है। इसके बाद, अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ सोनू-मोनू से बात करने नौरंगा गांव पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई।

23 जनवरी को मुकेश के घर पर फिर से गोलीबारी हुई। इस घटना में अनंत सिंह के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए थे, इसके बाद उन्होंने बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया था। पटना के एमपी-एमएलए कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया था, जहां से उन्हें राहत मिली।

राजनीतिक समीकरणों में बदलाव

2020 विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने RJD के टिकट पर मोकामा से चुनाव जीता था, लेकिन आपराधिक मामले में सजा होने के बाद उनकी विधायकी चली गई थी। इसके बाद मोकामा सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी RJD की उम्मीदवार बनीं और उन्होंने जीत दर्ज की। अब अनंत सिंह का JDU से चुनाव लड़ने का ऐलान बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ ला सकता है। उनकी मुलाकात और JDU से दावेदारी की खबरों से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है, और यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनावों में यह किस दिशा में जाता है।

NewG Network

contact@newgindia.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.