नई दिल्ली: पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 27 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 540 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। पीएम सम्मान निधि योजना के तहत ये किसानों को 21वीं किस्त दी गई है। केंद्रीय कृषि कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह ने एक वर्चुअल समारोह में ये राशि जारी की।
आपदा प्रभावित किसानों के लिए सरकार का समर्थन
इस मौके पर केंद्रीय कृषि कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित राज्यों के किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन लोगों के घर टूट गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत घर मुहैया कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें मनरेगा के तहत 150 दिन का रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा।
राज्यों को वितरित राशि का ब्यौरा
वर्चुअल समारोह में जारी की गई सम्मान राशि का ब्यौरा दिया गया:
- पंजाब: 11 लाख 10 हजार किसानों के खातों में लगभग 222 करोड़ रुपये
- हिमाचल प्रदेश: 8 लाख से अधिक किसानों के खातों में 160 करोड़ रुपये
- उत्तराखंड: लगभग 7.90 लाख किसानों के खातों में 158 करोड़ रुपये
कृषि मंत्री ने बताया कि इन तीन राज्यों में पीएम किसान योजना के तहत अब तक किसानों को कुल 13,626 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।



