पटना: बिहार में नए वोटर कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने 1 अगस्त 2025 को राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के लिए ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। अब सभी पात्र मतदाताओं को नया वोटर आईडी कार्ड बनवाने के लिए अपनी नई फोटो जमा करनी होगी।
फोटो जमा करने की आखिरी तारीख 1 सितंबर
आयोग के निर्देशानुसार, बिहार के सभी पात्र मतदाताओं को 1 सितंबर 2025 तक अपनी नई फोटो अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को सौंपनी होगी। बीएलओ इन तस्वीरों को जमा कर नए वोटर आईडी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।
यह प्रक्रिया 24 जून से 25 जुलाई तक चले गणना चरण के बाद शुरू हुई है। 1 अगस्त को राज्य के सभी 38 जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट राजनीतिक दलों को भी सौंपी। इस दौरान उन नामों की अलग से सूची भी जारी की गई, जो जून की लिस्ट में थे लेकिन अब हटा दिए गए हैं।
वोटर लिस्ट से 65 लाख से ज्यादा नाम हटे
नई लिस्ट के अनुसार, राज्य की वोटर लिस्ट से 65 लाख से ज्यादा नामों को हटाया गया है। अब 7.24 करोड़ लोगों के नाम ही लिस्ट में शामिल हैं। हटाए गए नामों में ज्यादातर वे लोग शामिल हैं जिनका निधन हो गया है या जो एक जगह से दूसरी जगह पर चले गए हैं।
राजनीतिक दलों द्वारा नामित 1.60 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी इस प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। ये एजेंट अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की निगरानी कर रहे हैं और मतदाताओं को जागरूक भी कर रहे हैं।
कहां और कैसे करें नाम की जांच
जिन नागरिकों को लगता है कि उनका नाम लिस्ट से कट गया है या उसमें कोई गलती है, वे दो तरीकों से सुधार करवा सकते हैं:
- ऑनलाइन: नागरिक https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपने EPIC नंबर से अपना नाम देख सकते हैं। यदि कोई गलती, छूट या नाम में गड़बड़ी हो तो वे वहीं पर दावा या आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
- ऑफलाइन: राज्य के सभी ब्लॉक, अंचल कार्यालयों और नगर निकाय कार्यालयों में रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष कैंप लगाए गए हैं। ये कैंप 1 सितंबर तक जारी रहेंगे, जहाँ कोई भी नागरिक जाकर सुधार या नया नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
युवा मतदाताओं के लिए विशेष अभियान
इसके अलावा, आयोग ने उन युवा मतदाताओं के लिए एक विशेष अभियान चलाया है, जो 1 जुलाई से 1 अक्टूबर 2025 के बीच 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। इन युवाओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म जमा किए जा रहे हैं। अब तक 3,223 युवाओं ने अपना फॉर्म और घोषणा पत्र भरकर जमा किया है।
यह भी पढ़े: आबादी से ज्यादा आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र में भी गड़बड़झाला!



