मुंबई | भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (तत्कालीन अविभाजित) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वर्ष 2020 में बीएमसी द्वारा उनके बांद्रा स्थित बंगले के एक हिस्से को गिराए जाने का जिक्र करते हुए अपने विरोधियों को “महिला-विरोधी, बुली और नेपोटिज़्म माफिया” बताया।
कंगना रनौत ने जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी। एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें अपमानित किया, उनका घर तोड़ा और महाराष्ट्र छोड़ने की धमकी दी, आज जनता ने उन्हें “उनकी सही जगह” दिखा दी है।
गौरतलब है कि 2020 में बीएमसी की कार्रवाई के बाद कंगना रनौत ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया था। हाई कोर्ट ने अपने फैसले में बीएमसी की कार्रवाई को “दुर्भावनापूर्ण” बताते हुए कहा था कि यह उनके अधिकारों की अवहेलना है।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, बीएमसी चुनावों में भाजपा ने 89 सीटें जीतीं और 45.22 प्रतिशत वोट शेयर के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। भाजपा-नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने राज्य की 29 में से 25 नगर निगमों में जीत दर्ज की, जिनमें पुणे, ठाणे, नासिक और नवी मुंबई जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।



