पटना: बिहार में नशीले पदार्थों के खिलाफ एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। राज्य पुलिस जल्द ही एक शक्तिशाली स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (SNCB) का गठन करेगी। यह विशेष एजेंसी ड्रग्स और नशा माफियाओं के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगी और मौजूदा नारकोटिक्स सेल से कहीं ज्यादा प्रभावी होगी।
अगले सात दिनों में जारी होगी अधिसूचना
पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने बताया कि एसएनसीबी के गठन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके कार्यक्षेत्र, अधिकार, कार्यप्रणाली, अधिकारियों की तैनाती और अन्य विभागों के साथ समन्वय को लेकर एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। अगले सात दिनों के भीतर इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इस ब्यूरो की अगुवाई एक एडीजी स्तर के अधिकारी करेंगे।
युवाओं को बचाने और अपराधियों को सजा दिलाने पर जोर
डीजीपी के अनुसार, ड्रग्स और हेरोइन जैसे नशे का प्रकोप राज्य में तेजी से बढ़ रहा है, जिसका सबसे ज्यादा शिकार किशोर और युवा हो रहे हैं। नशे के धंधेबाज एक सुनियोजित साजिश के तहत युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं। इसके साथ ही, गैरकानूनी हथियारों की सप्लाई चेन में भी इन नशेड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
एसएनसीबी का मुख्य लक्ष्य नशा के धंधेबाजों और नशा करने वाले दोनों पर कार्रवाई करना होगा।
इसके तहत अपराधियों पर कार्रवाई
धंधेबाजों की संपत्ति जब्त की जाएगी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी।
यह भी पढ़े: पहलगाम हमला: मारे गए तीनों आतंकी पाकिस्तानी, ID से हुआ खुलासा
युवाओं की मदद
नशे के शिकार युवाओं को इस लत से मुक्ति दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों और नशा विमुक्ति केंद्रों के विशेषज्ञों की भी मदद ली जाएगी।
यह नया ब्यूरो राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने और युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाएगा।



