नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली सुरक्षा को लेकर हमेशा ही लोगों के निशाने पर रही है, क्योंकि आये दिन यहां वारदात जो होती रहती हैं। ऐसी ही वारदात किसी आम महिला से नहीं हुई है बल्कि कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन के साथ हुई है। यह घटना तब हुई जब वह सोमवार सुबह चाणक्यपुरी इलाके में अपने साथी सांसद के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार बदमाश उनके गले से सोने की चेन छीन कर फरार हो गया।
सुबह की सैर के दौरान वारदात
घटना आज सुबह करीब 6:15 बजे की है। सांसद सुधा रामकृष्णन अपनी साथी सांसद रजती (DMK) के साथ चाणक्यपुरी स्थित पोलिश दूतावास के पास मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। तभी एक स्कूटर सवार बदमाश उनके पास आया और उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। बदमाश ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उसका चेहरा छिपा हुआ था।
गृह मंत्री को लिखा पत्र
तमिलनाडु के मयिलादुथुराई से सांसद रामकृष्णन ने इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र भी लिखा है। उन्होंने बताया कि बदमाश धीमी गति से उनकी तरफ आया था, जिससे उन्हें कोई शक नहीं हुआ। इस छीना-झपटी में उनकी गर्दन पर चोट आई है और उनके कपड़े भी फट गए हैं।
यह भी पढ़े: भागलपुर में भीषण सडक़ हादसा, पांच श्रद्धालुओं की मौत, 4 घायल
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से भी पूछताछ कर रही है। घटना के बाद तमिलनाडु भवन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।



