नई दिल्ली: एयर इंडिया की उड़ान में स्वच्छता और रखरखाव पर गंभीर सवाल उठे हैं। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहे एक विमान में यात्रियों को अपनी सीटों के नीचे कॉकरोच मिले, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। यात्रियों की शिकायत के बाद, एयरलाइन को उन्हें दूसरी सीटों पर शिफ्ट करना पड़ा।
क्या हुआ था?
अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI180 में दो यात्रियों ने शिकायत की कि उनकी सीटों के नीचे छोटे-छोटे कॉकरोच घूम रहे थे। यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना क्रू मेंबर्स को दी, जिसके बाद उन्हें दूसरी सीटों पर बैठाया गया।
एयरलाइन का जवाब
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, ‘कोलकाता होकर सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली फ्लाइट संख्या AI180 में कॉकरोच पाए गए थे, जिसकी वजह से कुछ यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हमारे केबिन क्रू ने तुरंत यात्रियों के लिए दूसरी सीट की व्यवस्था की। इसके बाद उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई।
यह भी पढ़े: सेना के जवान की शर्मनाक हरकत, नशे में कार से कई लोगों को मारी टक्कर
सफाई अभियान
जानकारी के मुताबिक, जब विमान कोलकाता में उतरा, तब सीटों के नीचे पूरी तरह से सफाई की गई। यह घटना विमान की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, खास तौर पर लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में। यात्रियों की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइन से बेहतर स्वच्छता मानकों की उम्मीद की जाती है।



