मुंबई | देश की सबसे अमीर नगर पालिका (BMC) पर कब्जे की जंग अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। मतगणना के रुझानों में महायुति (बीजेपी+शिंदे सेना) ने स्पष्ट बढ़त बना ली है। 227 सीटों वाली बीएमसी में बहुमत के लिए 114 सीटों की जरूरत है, जबकि महायुति गठबंधन 118-120 सीटों पर आगे चल रहा है।
प्रमुख जीत और दिलचस्प मुकाबले
- धारावी (वॉर्ड 183): कांग्रेस की आशा दीपक काले ने शिवसेना की वैशाली शेवाले को 1,450 वोटों से हराकर कांग्रेस का खाता खोला। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय सांसद वर्षा गायकवाड़ और विधायक ज्योति गायकवाड़ को दिया।
- दहिसर (वॉर्ड 2): बीजेपी की तेजस्वी अभिषेक घोसालकर ने 10,700 से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की।
- मानखुर्द (वॉर्ड 135): बीजेपी के नवनाथ बन ने जीत हासिल की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
- कुर्ला वेस्ट (वॉर्ड 165): कांग्रेस के अशरफ आजमी ने अपनी सीट बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की।
- वॉर्ड 134: AIMIM की महजबीं खान ने जीत दर्ज कर बीएमसी में पार्टी की मौजूदगी दर्ज कराई।
पार्टीवार रुझान (दोपहर 2:00 बजे तक)
| गठबंधन / पार्टी | रुझान / जीत (सीटें) |
| महायुति (BJP + शिंदे सेना) | 118 (BJP: 89, शिंदे सेना: 29) |
| MVA / ठाकरे गठबंधन (UBT + MNS) | 75 (UBT: 66, MNS: 9) |
| कांग्रेस (INC) | 10 |
| अन्य (AIMIM, SP, NCP) | 24 |
बड़े झटके:
बीजेपी के दिग्गज नेता रवि राजा (वॉर्ड 185) और शिवसेना के समाधान सरवणकर (वॉर्ड 194) को अपने-अपने वॉर्डों में हार का सामना करना पड़ा है। साथ ही, जेल में बंद अरुण गवली की बेटी योगिता गवली को भायखला में बीजेपी के रोहिदास लोखंडे ने पटखनी दी।



