नई दिल्ली | केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा 5 जून से 21 जून तक ‘सेवा पखवाड़ा’ मना रही है। इस अभियान के तहत भाजपा नेता, कार्यकर्ता और सांसद समाज सेवा के कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ केंद्र की मोदी सरकार और दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
तीन दिन चलेगा जनसंपर्क अभियान
इसी कड़ी में बृहस्पतिवार से तीन दिनों तक भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके अलावा, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दिल्ली के 42 स्थानों पर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और पात्र होने पर उनके लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
भाजपा नेताओं के अनुसार, यदि किसी नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी आ रही है, तो शिविरों में उसका समाधान करने का भी प्रयास किया जाएगा। लोगों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगी। वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा शाहदरा क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा, सभी सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षद और पार्टी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे।



