मुजफ्फरपुर: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज मुजफ्फरपुर के कटरा स्थित मां चामुंडा शक्तिपीठ के दर्शन करने पहुंचे और मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना की। महामहिम उपराष्ट्रपति के पूरे कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।
आपको बता दें कि सीपी राधाकृष्णन मुजफ्फरपुर के कटरा स्थित शक्तिपीठ मां चामुंडा देवी के दर्शन करने 15 साल पहले भी आ चुके हैं। अब उपराष्ट्रपति बनने के बाद एक बार फिर वे मां चामुंडा मंदिर में पूजा करने पहुंचे। उनके पूरे कार्यक्रम को लेकर हेलीपैड से लेकर मंदिर तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। साथ ही कई सुरक्षा एजेंसियों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। वहीं, मुजफ्फरपुर पुलिस की ओर से बिहार पुलिस के 500 जवान तैनात किए गए थे और जगह-जगह मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। हालांकि निजी कार्यक्रम होने के कारण मीडिया से दूरी बनाई गई।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सबसे पहले अपने सुरक्षा दस्ते के साथ मुजफ्फरपुर के कटरा प्रखंड में बने हेलीपैड पर पहुंचे, जहां एनडीए के नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हेलीपैड से सड़क मार्ग होते हुए उनका काफिला कटरा प्रखंड कार्यालय के पास स्थित मां चामुंडा मंदिर पहुंचा, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना के बाद उनका काफिला वापस सड़क मार्ग से होते हुए हेलीपैड पहुंचा और वहाँ से वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
यह भी पड़ेंः- ‘बिहार के धृतराष्ट्र हैं नीतीश, 20 साल तक सिर्फ कुर्सी बचाई’
बता दें कि मुजफ्फरपुर के कटरा प्रखंड में स्थित मां चामुंडा का मंदिर अति प्राचीन शक्तिपीठ है। इस मंदिर की कई मान्यताएं हैं। लोगों का मानना है कि जो भी भक्त सच्चे भाव से यहां आकर पूजा-अर्चना करता है, माता रानी उसकी सभी मनोकामनाएँ पूरी करती हैं। यही कारण है कि यहां पूर्व में कई बड़े मंत्री और नेता आ चुके हैं। इतना ही नहीं, कई वर्ष पहले नेपाल के राजा भी इस मंदिर में आकर माँ चामुंडा का दर्शन और पूजा-अर्चना कर चुके हैं।



