मुंबई | भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मुंबई के विभिन्न इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता को लेकर अपनी ताज़ा ‘स्वतंत्र ड्राइव परीक्षण’ रिपोर्ट जारी कर दी है।
जनवरी 2026 में किए गए इस विस्तृत सर्वे में निजी टेलीकॉम ऑपरेटरों—एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया —का प्रदर्शन शानदार रहा है, जबकि सरकारी कंपनी एमटीएनएल नेटवर्क की दौड़ में काफी पीछे छूट गई है।
214 किलोमीटर का सघन परीक्षण
ट्राई की टीमों ने 20 से 23 जनवरी के बीच मुंबई के 214.8 किलोमीटर के दायरे में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी सेवाओं का मूल्यांकन किया। इसमें शहरी क्षेत्र, 7 प्रमुख हॉटस्पॉट, रेलवे स्टेशन और अटल सेतु जैसे तटीय मार्ग शामिल थे। इस परीक्षण का उद्देश्य वास्तविक परिस्थितियों में कॉल ड्रॉप और डेटा स्पीड जैसे मानकों की जांच करना था।

कॉल ड्रॉप: एमटीएनएल के 45% कॉल फेल
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉल सेटअप सफलता दर (CSSR) के मामले में एयरटेल, जियो और वीआई ने 100 प्रतिशत का स्कोर हासिल किया है। वहीं, एमटीएनएल की सफलता दर मात्र 20.77 प्रतिशत रही। सबसे चौंकाने वाले आंकड़े ‘कॉल ड्रॉप’ के हैं; जहाँ एयरटेल और वीआई की कॉल ड्रॉप दर 0.00% रही, वहीं एमटीएनएल के नेटवर्क पर 45.34% कॉल बीच में ही कट गईं।
तटीय और रेलवे मार्गों का हाल
अटल सेतु और बेलापुर जेटी जैसे तटीय मार्गों पर भी निजी ऑपरेटरों का सिग्नल मजबूत पाया गया। हालांकि, एमटीएनएल के मामले में तटीय क्षेत्रों में खराब सिग्नल स्ट्रेंथ का आंकड़ा 89.39% तक पहुँच गया। ऐरोली, कोपर खैराने और राबले जैसे भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर किए गए पैदल परीक्षण (Walk Test) में भी नेटवर्क के व्यवहार का बारीकी से आकलन किया गया।
आगे की कार्रवाई
ट्राई ने इन निष्कर्षों के आधार पर सभी सेवा प्रदाताओं को रिपोर्ट सौंप दी है और सेवा की गुणवत्ता (QoS) में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।



