नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस की रोजाना हो रही फ्लाइट कैंसिलेशन के कारण दिल्ली के उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन सेक्टर को भी भारी नुक़सान उठाना पड़ रहा है, एक दिसंबर से अब तक इंडिगो की अब तक लगभग 4 हजार से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल हो चुकी हैं। सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रोजाना दिल्ली एयरपोर्ट से 1.5 लाख से ज्यादा लोग यात्रा करते हैं, जिनमें से लगभग 50000 व्यापारी और बिजनेसमैन होते हैं।
दिल्ली के बाजारों की घटी रौनक
पिछले कुछ दिनों से इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन की खबरों के कारण व्यापारियों की संख्या में बहुत कमी आई है और दिल्ली के बाजारों में भी बाहर से बहुत कम लोग आ रहे हैं जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। पिछले 10 दिनों में दिल्ली के बाजारों में फुटफाल 25% कम हो गया है। पिछले 10 दिनों से प्रगति मैदान और आनंद मंडपम में आटोमोबाइल, हैंडलूम, टेक्सटाइल, होग फर्निशिंग, ऑटो पार्ट्स आदि की बड़ी बड़ी एक्जीबिशन लगी हुई हैं, जिसमें दिल्ली के बाहर से हजारों हज़ारों व्यापारियों और पर्यटकों के आने का अनुमान था लेकिन इंडिगो एयरलाइंस की परेशानी के कारण हजारों लोगों की फ्लाइट कैंसिल हो गयी।
ये भी पढ़ें-दिवाली को मिली ग्लोबल पहचान, विश्व धरोहर घोषित
क्रिसमस-न्यू ईयर पार्टी पर असर
मनोज ट्रेवल्स के डायरेक्टर मनोज खंडेलवाल ने बताया कि दिल्ली में यह मौसम पर्यटन, ट्यूरिज्म का होता है जो कि मध्य जनवरी तक चलता है लेकिन इंडिगो के ताजा घटनाक्रम के कारण क्रिसमस, न्यू ईयर को लेकर हुई बुकिंग पर भी इसका असर पड़ने लगा है। बृजेश गोयल ने बताया कि इंडिगो के इस घटनाक्रम के कारण दिल्ली के व्यापार , उद्योग, पर्यटन, ट्यूरिज्म, एक्जीबिशन आदि क्षेत्रों में 1000 करोड़ के व्यापार के नुकसान का अनुमान है। पर्यटकों के होटल, पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए ट्यूरिस्ट वाहन, गाइड, रेस्टोरेंट आदि पहले से बुकिंग किए हुए थे, इसके अलावा डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे आयोजनों में भी भारी नुक़सान हुआ है।



